Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव से पहले तेजस्वी यादव ने AIMIM नेता से की मुलाकात, जाने बातचीत को लेकर क्या कहा?

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। राजनीतिक गलियारों में उम्मीदवारों के नामों को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इस बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार (11 मार्च) को AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखतरुल ईमान से मुलाकात की है। खबर है कि दोनों नेताओं के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर वार्ता हुई है। अख्तरुल ईमान ने कहा कि तेजस्वी से हमारी सकारात्मक बातचीत हुई है। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा चुनाव में जीत का भी दावा किया है। जानकारी मिली है कि तेजस्वी यादव AIMIM नेता के द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में भी शामिल होंगे। गौरतलब है कि बिहार में राज्यसभा की 5 सीटें खाली हो रही हैं।
RJD नेता ने वार्तालाप के बाद क्या कहा?
अख्तरुल ईमान से मुलाकात करने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, ''सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने हमें 15 तारीख को इफ्तार पार्टी में भी आमंत्रित किया है। हम लोग उनके न्यौता में 15 तारीख को जाएंगे। हमारे बीच एक सकारात्मक बातचीत हुई है। दावत में हम लोग जाएंगे और चुनाव भी जीतेंगे।''
अख्तरुल ईमान बातचीत के बाद क्या बोले?
तेजस्वी यादव से बातचीत करने के बाद AIMIM नेता ने कहा, "अभी जो हमारी बातें हुई, पहले हमलोग अपने नेता को बताएंगे उसके बाद आपको बताएंगे। हम दोनों के बीच काफी सारी बातें हुई हैं। इतना जान लीजिए कि पॉजिटिव बातचीत हुई है। पॉजिटिव को पॉजिटिव समझिए।''
इंडिया महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक हैं, जिसमें 25 RJD के हैं। राज्यसभा सांसद बनने के लिए एक प्रत्याशी को 41 विधायकों का समर्थन चाहिए। आरजेडी ने राज्यसभा सांसद के लिए एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। बिहार में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के पास 5 विधायक हैं और BSP (बहुजन समाज पार्टी) के पास एक विधायक है। अगर RJD को राज्यसभा चुनाव जीतना है तो 6 विधायकों का समर्थन मिलना जरूरी है। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव होने वाले हैं उससे पहले आरजेडी तेजस्वी यादव की अख्तरुल ईमान से मुलाकात उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं। एनडीए के पास 202 सीटें हैं। अगर एनडीए को राज्यसभा की पांचों सीटें जीतनी हैं तो इस गठबंधन को 3 और सीटों की जरूरत होगी।
Created On :   11 March 2026 9:07 PM IST












