महाराष्ट्र: शिवसेना UBT सांसद संजय राउत को धमकी भरा संदेश, कार के शीशे पर लिखा आज रात 12 बजे होगा धमाका

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत को धमकीभरा संदेश मिलने से हड़कंप मच गया। ये संदेश उनके आवास के बाहर खड़ी कार के शीशे पर लिखा हुआ मिला। संदेश में लिखा आज रात 12 बजे धमाका और हंगामा होगा। इस जानकारी के सार्वजनिक होते ही इलाके में तहलका मच गया। सूचना मिलने पर मुंबई पुलिस और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड को मौके पर पहुंची। सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं है। पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से पुलिस प्रशासन ने सांसद राउत के घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी है।
यह भी पढ़े -'राम के विरोधियों को महाराष्ट्र और मुंबई की जनता पराजित करेगी', संजय राउत के बयान पर बोले शिवसेना नेता
मौके पर पहुंची बीडीडीएस की टीम ने संजय राउत के भांडुप स्थित आवास और आसपास के पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। और बारीकी से जांच की। आपको बता दें जिस कार पर धमकी का संदेश लिखा मिला, वह सांसद संजय राउत के आवास के बाहर खड़ी थी। कार पर काफी धूल थी और उसी जमी धूल पर उंगलियों से धमकी भरा संदेश लिखा गया था। जांच टीम को तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। बीडीडीएस टीम ने सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए जांच पूरी की। जांच के बाद किसी खतरे की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अब इसका पता लगाने में लगी है कि मैसेज के पीछे किसका हाथ है, किसने लिखा और उसका क्या मकसद था। पुलिस ने आवास के आसपास इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरु कर दिया है। ताकि मैसेज लिखने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हो सके।
Created On :   31 Dec 2025 7:23 PM IST













