Bengal News: ममता बनर्जी के साथ बढ़ती जा रही है टीएमसी नेताओं की मुश्किलें, कई नेताओं ने साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद ममता बनर्जी और टीएमसी नेताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही है, ममता का साथ छोड़कर बागी हुए नेताओं के अलावा कांग्रेस और बीजेपी नेता भी उन पर लगातार निशाना साध रहे है। बागी नेताओं में से एक पूर्व टीएमसी नेता सुष्मिता देव का कहना है कि आप थोड़ा धैर्य रखिए। आपको जल्द पता चल जाएगा कि मैं किस दिशा में जा रही हूं। मेरे जो अनुरागी हैं, वो मेरे साथ थे, हैं और आगे भी रहेंगे।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बागी टीएमसी सांसदों की लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ 15 जून को होने वाली मुलाकात पर कहा भाजपा सदन में अपनी संख्या बढ़ाने का प्रयास कर रही है क्योंकि उन्हें अपने बिल पास करवाने हैं, यहां के सारे सांसद ये देख रहे हैं कि तृणमूल कांग्रेस के साथ रहकर दोबारा चुनाव जीतना नामुमकिन होगा, इसलिए भलाई इसी में हैं कि वे भाजपा में शामिल हो जाएं और भाजपा से ये गारंटी लेने का प्रयास करें कि दोबारा इन लोगों को भाजपा की ओर से टिकट मिलेगा। इसलिए तीन साल बीजेपी की सेवा में ये लोग लगे रहेंगे। इसी उद्देश्य के साथ ये सारे सांसद टीएमसी के सहयोगी बनने जा रहे हैं।
आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) चीफ हुमायूं कबीर ने कहा टीएमसी के जो सांसद अपनी पार्टी को छोड़कर अलग गुट बना रहे हैं और सत्तारूढ़ NDA के पास जा रहे हैं, उन्हें जनता ने भाजपा के खिलाफ ही मतदान करके जिताया है। ऐसे में वे लोग आम जन के साथ धोखा कर रहे हैं, ये सांसद लोकसभा चुनाव के दो साल बाद ही उन लोगों को समर्थन दे रहे हैं जिनके खिलाफ जनता ने उन्हें वोट देकर जीत दिलाई।
टीएमसी और कांग्रेस के विलय की अटकलों पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा हम कांग्रेस के साथ विलय नहीं कर रहे हैं। जबकि 19 TMC सांसदों के लोकसभा स्पीकर से मिलने की खबर पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा उन्हें जो करना है करने दें। उन्हें भाजपा की शरण में ही रहना होगा, यह सब एक चाल है। वे अपने चुनाव क्षेत्रों के विकास का कारण बताते हैं, लेकिन जो लोग अपने चुनाव क्षेत्रों में जाते ही नहीं, वे क्या काम करेंगे? पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खत्म हो चुका है, भाजपा हमें परेशान कर रही है, पुलिस हमें परेशान कर रही है, जो 19 सांसद भाजपा में जा रहे हैं, उन्हें भाजपा स्वीकार नहीं करेगी। TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा सुचित्रा सेन के बाद शताब्दी रॉय अगली 'महानायिका' हैं।
Created On :   13 Jun 2026 5:42 PM IST










