हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस 2026: टीम इंडिया का हुआ ऐलान, भुवनेश्वर कुमार को मिला मौका, 30 अक्टूबर से होगा टूर्नामेंट का आगाज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया गया है, जो कि लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। भुवनेश्वर के अलावा ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या में स्क्वॉड का हिस्सा हैं।
30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाने वाले इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम ग्रुप सी में है, जिसमें उसके साथ पाकिस्तान, यूएई और मेजबान हॉन्गकॉन्ग है। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड पर खेले जाएंगे।
भुवनेश्वर कुमार पर होंगी नजरें
भारतीय टीम में टी. नटराजन, शशांक सिंह, नीतीश राणा, राहुल तेवतिया, राहुल त्रिपाठी, भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या हैं। फैंस की निगाहें भुवनेश्वर कुमार पर होंगी, जो बीते 4 साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद से ही वे राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे हैं। आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने भारतीय टीम में वापसी का मजबूत दावा पेश किया है।
यह भी पढ़े -इंग्लैंड 'वाका ग्राउंड' पर वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ 50 ओवरों का 'वॉर्म-अप' मैच खेलेगा
क्या है हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट?
हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट का आगाज साल 1992 में हुआ था। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा जैसे सर्वकालिक महान क्रिकेटर्स हिस्सा ले चुके हैं।
जैसे टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में प्रत्येक टीम में 11-11 खिलाड़ी होते हैं, वैसे ही इसमें 6-6 प्लेयर होते हैं। मैच छोटे होने की वजह से इसमें बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी की काफी अहम भूमिका रहती है। वहीं, खिलाड़ी की संख्या कम होने की वजह से इस फॉर्मेट के टी20 फॉर्मेट से कुछ अलग नियम होते हैं।
Created On :   5 Oct 2026 6:22 PM IST












