WCL 2026: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स टूर्नामेंट से हटी पाकिस्तान टीम, आयोजकों ने ठुकराई भारतीय खिलाड़ियों से माफी और हैंडशेक की मांग

डिजिटल डेस्क, भोपाल। वर्ल्ड क्रिकेट के पूर्व स्टार क्रिकेटर्स से सजे 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL)' टूर्नामेंट से पाकिस्तान लीजेंड्स की टीम बाहर हो गई है। WCL का तीसरा सीजन खेलने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम को NOC देने पर कुछ शर्तें रखी थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन शर्तों में पिछले साल हुए विवाद को लेकर भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक की सहमति शामिल थी। टूर्नामेंट आयोजन समिति ने पाक क्रिकेट बोर्ड की इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़े -11 अक्टूबर से सूर्यकुमार यादव मचाएंगे धमाल, शार्दुल चोट के कारण बाहर, यह खिलाड़ी बना नया कप्तान
रिपोर्ट्स के अनुसार, आयोजकों ने PCB की व्यावसायिक शर्तों को स्वीकार कर लिया था, लेकिन लिखित माफी और हैंडशेक की मांग को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान टीम ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।
पिछले साल क्यों हुआ था विवाद?
टूर्नामेंट के पिछले सीजन में पहलगाम हमले के बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके चलते ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों के बीच कोई मैच खेला गया था। इसके बाद सेमीफाइनल में भी दोनों टीमें आमने-सामने आ गई थीं। उस समय भी भारत ने मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पाकिस्तान को वॉकओवर मिला और वह डायरेक्ट फाइनल में पहुंच गई। इसके साथ ही पिछले सीजन दोनों टीमों के बीच हैंडशेक भी देखने को नहीं मिला था।
क्या बोली पाकिस्तान चैंपियंस?
मामले को लेकर पाकिस्तान चैंपियंस की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। हालांकि उसमें कहीं भी पीसीबी की शर्तों का जिक्र नहीं किया गया है। बस ये कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से NOC जारी नहीं किए जाने के चलते वह WCL में हिस्सा नहीं ले पाएगी।
टीम ने अपने बयान में कहा, 'पाकिस्तान चैंपियंस को यह बताते हुए अफसोस है कि टीम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में हिस्सा नहीं ले पाएगी। यह फैसला PCB के जरूरी NOC जारी नहीं करने के बाद लिया गया है। हम PCB के अधिकार और उसके फैसले का सम्मान करते हैं।'
Created On :   5 Oct 2026 8:06 PM IST













