ATP Tour: फेडरर ने नडाल को हराकर दूसरी बार जीता शंघाई मास्टर्स

डिजिटल डेस्क, शंघाई। शंघाई मास्टर्स टेनिस टूनार्मेंट के फाइनल मैच में स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर ने स्पेन के राफेल नडाल को हराकर दूसरी बार यह खिताब अपने नाम कर लिया है। इस फाइनल मुकाबले में फेडरर ने वर्ल्ड नंबर-1 राफेल नडाल को 1 घंटे 12 मिनट में सीधे सेटों में आसानी से 6-4, 6-3 से मात दी। इससे पहले रोजर फेडरर ने यह शंघाई मास्टर्स खिताब 2014 भी अपने नाम किया था, उसके बाद यह उनका दूसरा खिताब है।
बता दें कि वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी राफेल नडाल अब तक यहां खिताब हासिल नहीं कर पाए हैं। वर्ल्ड नंबर-2 रोजर फेडरर ने इस साल छठे खिताब पर कब्जा किया। 2017 में फेडरर ने अब तक 44 मुकाबले जीते हैं, जबकि 4 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। नडाल का इस साल सीजन रिकॉर्ड 65–10 है।
नडाल का सफर
शंघाई मास्टर्स का पहला सेमीफाइनल मुकाबला राफेल नडाल और क्रोएशिया के मारिन सिलिच के बीच खेला गया था। इस मैच में नडाल ने सिलिच को सीधे सेटों में 7-5, 7-6 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। इससे पहले नडाल ने क्वार्टरफाइनल में बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को रोमांचक मुकाबले में 6-4 7-6 6-3 से हराया था।
फेडरर का सफर
वहीं शंघाई मास्टर्स के दूसरे सेमीफाइनल में स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर ने अर्जेंटीना के डेल पोटरो 3-6, 6-3, 6-3 को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले फेडरर ने अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में फ्रांस के रिचर्ड गास्केट को सीधे सेट में 7-5, 6-4 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
Can We Share the Trophy? #Fedal @SH_RolexMasters pic.twitter.com/NShcutmvXZ
— Roger Federer Fans (@Federer_Swiss) October 14, 2017
दोनों की प्रतिद्वंद्विता की बात करें, तो नडाल और फेडर में अब तक 38 मुकाबले हो चुके हैं। जिनमें से फेडरर ने 15वीं बार नडाल को हराया, हालांकि नडाल 23 बार फेडरर को पराजित करने में कामयाब रहे हैं। फेडरर-नडाल किसी टूर्नामेंट के फाइनल में 24 वीं बार भिड़े। जिनमें से 14 बार नडाल ने खिताब जीता है, जबकि फेडरर की यह 10वीं जीत है। इससे पहले 31 साल के नडाल को फेडरर ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और मियामी ओपन के फाइनल में मात दी थी।
Created On :   14 Oct 2017 8:44 PM IST