FIFA WC 2018: जापान ने कोलंबिया को हराकर बनाया यह खास रिकॉर्ड

fifa world cup 2018 Japan beat columbia by 2-1
FIFA WC 2018: जापान ने कोलंबिया को हराकर बनाया यह खास रिकॉर्ड
FIFA WC 2018: जापान ने कोलंबिया को हराकर बनाया यह खास रिकॉर्ड

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। Fifa world cup 2018 के ग्रुप H के पहले मैच में 61वीं रैंक वाली जापान ने 16वीं रैंक पर काबिज़ कोलंबिया को हरा दिया है। जापान ने बड़ा उलटफेर करते हुए कोलंबिया को 2-1 से हरा दिया है। जापान के खिलाफ दस खिलाड़ियों से खेल रही कोलंबिया शुरुआती मिनट में मिले झटके से उबर नहीं पाई। किसी भी वर्ल्डकप में पहली बार किसी एशियाई टीम ने किसी दक्षिण अमेरिकन टीम को हराया है। पिछले वर्ल्डकप में कोलंबिया ने जापान को 4-1 से हराया था।

पहले हाफ का खेल काफी दिलचस्प रहा। तीसरे मिनट में ही कोलंबियन खिलाड़ी कार्लोस सांचेज़ को रेफरी द्वारा रेड कार्ड दिखा दिया गया। गोल पोस्ट की ओर जा रही बॉल को हाथ से रोके जाने पर रेफरी ने सांचेज़ को यह कार्ड दिखाया था। इसके बाद पूरे समय कोलंबिया को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। किसी भी वर्ल्डकप मैच का यह दूसरा फास्टेस्ट रेड कार्ड था। फास्टेस्ट रेड कार्ड का रिकॉर्ड उरुग्वे के अल्बेर्तो बतिस्ता के नाम है। इन्हें 1986 के वर्ल्डकप में स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के 54वें सेकंड में रेड कार्ड मिला था।

सांचेज़ द्वारा किए गए इस फाउल पर जापान को पेनल्टी किक भी मिली, जिसे स्टार खिलाड़ी कगावा ने भूनाते हुए जापान को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से बराबरी का प्रदर्शन जारी रहा। मैच के 31वें मिनट में ही कोलंबिया के स्टार मिडफील्डर क्वारदादो को सब्सिट्यूट कर बैरियस को लाया गया। इसके बाद स्ट्राइकर फॉलकाओ को दो मुश्किल चांस मिले जिसे वो गोल में तब्दील नहीं कर सके। 10 खिलाड़ियों से खेल रही कोलंबिया ने फिर भी अटैक जारी रखा और 39वें मिनट में मिली फ्री-किक को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 कर दिया। कोलंबिया की तरफ से यह गोल स्टार विंगर क्विंटेरो ने किया।

मैच के दूसरे हॉफ में जापान ने शुरुआत से ही अटैक जारी रखा। ओसाको को 56वें मिनट में मिले चांस को वह गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे। 59वें मिनट में कोलंबिया ने अपने स्टार खिलाड़ी रॉड्रिगेज़ को सब्सिट्यूट के तौर पर उतारा। हालांकि इससे भी कोलंबिया को कोई मदद नहीं मिली। 73वें मिनट में जापान को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर ओसाको ने हेडर से शानदार गोल किया। इस गोल के साथ ही जापान ने 2-1 की लीड ले ली।

मैच में जापान के पास 58% बॉल पज़ेशन रहा वहीं कोलंबिया के पास 42% बॉल पज़ेशन रहा। गोल अटेम्पट के मामले में भी जापान, कोलंबिया पर भारी रहा। जापान ने 14 गोल अटेम्पट किए, जिनमें 6 टारगेट पर थे। वहीं कोलंबिया ने 8 अटेम्पट किए, जिनमें 3 टारगेट पर थे।

जापान इस जीत के साथ गुप-H में टॉप पर आ गया है। इस ग्रुप में सभी टीमें अच्छी हैं और कोई भी दो टीम क्वॉलीफाई कर सकती है। जापान को अपना अगला मैच 24 जून को सेनेगल के खिलाफ खेलना है, वहीं कोलंबिया को अपना अगला मैच पोलैंड के खिलाफ खेलना है।  

  

Created On :   19 Jun 2018 3:04 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story