हॉकी वर्ल्डकप: भारतीय टीम का धमाकेदार आगाज, साउथ अफ्रीका को 5-0 से रौंदा

हॉकी वर्ल्डकप: भारतीय टीम का धमाकेदार आगाज, साउथ अफ्रीका को 5-0 से रौंदा
हाईलाइट
  • मैच के दौरान स्टेडियम में भारत के दिग्गज हॉकी प्लेयर धनराज पिल्लै भी मौजूद थे
  • भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका की टीम को 5-0 से हरा दिया।
  • भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हॉकी वर्ल्डकप का आगाज जीत के साथ किया है।

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हॉकी वर्ल्डकप का आगाज जीत के साथ किया है। बुधवार को खेले गए ग्रुप C के पहले मैच में पांचवी रैंक पर काबिज भारतीय टीम ने 14वीं रैंक पर काबिज साउथ अफ्रीका की टीम को 5-0 से हरा दिया। भारत के लिए मनदीप सिंह (12वें मिनट), आकाशदीप सिंह (15वें मिनट), सिमरनजीत सिंह (43वें, 47वें मिनट) और ललित उपाध्याय (45वें मिनट) ने गोल दागे। भारत ने शुरूआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी। मैच के दौरान स्टेडियम में भारत के दिग्गज हॉकी प्लेयर और पूर्व कप्तान धनराज पिल्लै भी मौजूद थे और उन्होंने टीम का हौसला भी बढ़ाया।

कप्तान मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में भारतीय टीम ने पहले हाफ में संभलकर शुरुआत की। भारत को 10वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और भारतीय टीम ने इसका फायदा उठाते हुए पहला गोल दागा। इसके तीन मिनट बाद ही भारत ने दूसरा गोल दाग साउथ अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया। भारत के लिए यह गोल आकाशदीप सिंह ने किया। इस तरह हाफ टाइम तक भारत ने साउथ अफ्रीका पर 2-0 की लीड बना ली।

दूसरा हाफ शुरू होते ही भारतीय टीम ने विपक्षी खेमे पर काउंटर अटैक करना शुरू कर दिया। भारतीय टीम ने मैच के 43वें मिनट में तीसरा गोल दाग साउथ अफ्रीका को पूरी तरह से मैच में पिछे छोड़ दिया। भारत के लिए यह गोल सिमरनजीत सिंह ने दागा। इसके बाद भी भारतीय टीम ने अटैक जारी रखा और तीसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में गोल दाग दिया। स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी ललित उपाध्याय ने गोल दाग टीम को 4-0 से बढ़त दिला दी। इसके बाद मैच के 47वें मिनट में सिमरनजीत सिंह ने अपना दूसरा और मैच का पांचवां गोल दागा और भारतीय टीम को 5-0 से लीड दिला दी। 

बता दें कि 1971 में हॉकी वर्ल्डकप की शुरुआत हुई थी। आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारत ने अपना एकमात्र वर्ल्डकप 1975 में जीता था। 1971 के ओपनिंग संस्करण में भारतीय टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया था। 1973 में दूसरा स्थान और 1975 में वर्ल्डकप अपने नाम किया था। इस जीत के बाद भारतीय टीम अभी तक सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच सकी है। 2014 में खेले गए पिछले संस्करण में भारतीय टीम नौवें स्थान पर रही थी। पाकिस्तान वर्ल्डकप की सबसे सफल टीम है और उसने सबसे ज्यादा चार बार खिताब पर कब्जा किया है। ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड्स ने तीन-तीन और जर्मनी ने दो बार विश्व कप पर कब्जा किया है। 

Created On :   28 Nov 2018 3:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story