Asian Games 2026: गोल्ड से एक कदम दूर टीम इंडिया, बांग्लादेश को हराकर फाइनल में बनाई जगह, अब श्रीलंका से होगा सामना

गोल्ड से एक कदम दूर टीम इंडिया, बांग्लादेश को हराकर फाइनल में बनाई जगह, अब श्रीलंका से होगा सामना
जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन खेल 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। टीम ने अपना सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है। इंडियन टीम ने बांग्लादेश को 114 रनों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन खेल 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। टीम ने अपना सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है। इंडियन टीम ने बांग्लादेश को 114 रनों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के सामने महज 81 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस बड़ी जीत के बाद एशियाई चैंपियन भारत ने फाइनल का टिकट कटा लिया है।

सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें तो भारत ने शेफाली के शतक की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए थे। शेफाली ने 49 गेंद में नाबाद 100 रन बनाए। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंद में 40 रन की पारी खेली। स्मृति मंधाना ने 19 गेंद में 37 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। वहीं, शर्मिन अख्तर ने 10 रन और सुल्ताना खातून ने 12 रन बनाए। भारत की ओर से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, श्री चरणी को दो विकेट मिला। क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल को एक-एक विकेट मिला।

यह भी पढ़े -एशियन गेम्स शेफाली वर्मा का पहला टी20 शतक, भारत ने बांग्लादेश को 196 रन का लक्ष्य दिया

श्रीलंका से इस दिन होगा सामना

भारतीय महिला क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंच गई है। इस जीत के साथ भारत का एक और पदक पक्का हो गया है। अब 22 सितंबर को भारत का मुकाबला फाइनल में श्रीलंका से होगा। वहीं, बांग्लादेश की टीम 22 को ही पाकिस्तान के खिलाफ कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेगी। भारत ने 2023 में हांगझोउ एशियाई खेलों में भी स्वर्ण जीता था। टीम इंडिया इस बार भी स्वर्ण जीतना चाहेगी। श्रीलंका ने आज सुबह दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया था। भारत और श्रीलंका की टीमें हाल ही में एशिया कप के फाइनल में भी आमने-सामने आई थीं। उसमें टीम इंडिया ने आसानी से जीत हासिल की थी।

Created On :   20 Sept 2026 2:01 PM IST

Tags

Next Story