बाराबंकी में हुआ भीषण सड़क हादसा: डंपर-कार की टक्कर में 4 की मौत, एक गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी के बाराबंकी जिले में मंगलवार (25 अगस्त) को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह हादसा मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार में आ रही डंपर ने ऑल्टो कार में टक्कर मार दी जिससे एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है। घटना स्थल पर पहुंच कर पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों को मोर्चरी भिजवाया और सड़क से कार हटवाकर यातायात शुरू करवाया। इसके साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसा होने के बाद स्थानीय राहगीर और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। उसके बाद उनको बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़े -एसईसीसी 2011 का जाति डेटा भरोसेमंद नहीं, कई एंट्रीज में नंबर और सिंबल केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया
घटना में जान गंवाने वाले युवकों की उम्र और नाम
मृतकों की पहचान मोहम्मद शरीफ (51), तबस्सुम बानो (45), साजिया खातून (31) और उजैम (33) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल 7 वर्षीय मासूम बच्ची हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बाराबंकी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतक लोगों के शवों को पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम किया जा रहा है। एक सात वर्षीय बच्ची का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और डंपर ड्राइवर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Created On :   25 Aug 2026 8:04 PM IST












