Nagpur News: शादी से इनकार पर प्रेमिका ने गटका जहर, प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज

शादी से इनकार पर प्रेमिका ने गटका जहर, प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज
  • इंस्टाग्राम से हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
  • शादी से इनकार के बाद युवती ने जहरीली दवा खाकर किया आत्महत्या का प्रयास
  • प्रेमी फरार, वाड़ी और सीताबर्डी थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज

Nagpur News प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर 27 वर्षीय युवती ने जहरीली दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद वाड़ी थाने में युवती के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में आरोपी प्रेमी के खिलाफ सीताबर्डी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए आरोपी प्रज्वल रामकुमार माटे (26), निवासी खापा से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती होने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता को प्रेम संबंध में फंसा लिया। आरोप है कि 8 सितंबर 2025 से 20 अगस्त 2026 के बीच आरोपी उसे रामदासपेठ स्थित होटल सुपर टाउन हाउस में ले जाकर उसका यौन शोषण करता रहा।

इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसने शादी से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और आरोप-प्रत्यारोप होने लगे। प्रेम संबंध में मिले कथित धोखे से आहत होकर पीड़िता ने सोमवार को जहरीली दवा का सेवन कर लिया। मुंह से झाग निकलता देख परिजनों को घटना का पता चला। उन्होंने तत्काल उसे वाड़ी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद वाड़ी पुलिस ने पीड़िता के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वहीं, शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में सीताबर्डी पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।


Created On :   25 Aug 2026 4:46 PM IST

Tags

Next Story