बड़ा कदम: दिन में बिजली के लिए किसानों को बड़ी राहत, जिले में बनेंगे 56 नए सौर ऊर्जा प्रकल्प

दिन में बिजली के लिए किसानों को बड़ी राहत, जिले में बनेंगे 56 नए सौर ऊर्जा प्रकल्प
  • तीन सौर प्रकल्पों से 5,134 किसानों को मिल रहा लाभ
  • 15 दिनों में तीन और प्रकल्प शुरू होने की उम्मीद
  • 56 प्रकल्पों पर तेजी से चल रहा काम

Nagpur News. किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 के तहत जिले में 56 और सौर ऊर्जा प्रकल्प स्थापित किए जाएंगे। फिलहाल जिले में तीन सौर ऊर्जा प्रकल्प कार्यान्वित हैं, जिनसे 5,134 किसानों को लाभ मिल रहा है। वहीं, अगले 15 दिनों में तीन और प्रकल्प शुरू होने की संभावना है।

राज्य सरकार ने ग्रामीण महाराष्ट्र के कृषि क्षेत्र को आर्थिक और तकनीकी मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 शुरू की है। इसके तहत सावनेर तहसील के कचारी सावंगा में 4 मेगावाट, नरखेड़ तहसील के सावरगांव में 8 मेगावाट और कलमेश्वर तहसील के तोंडाखैरी में 3 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा प्रकल्प शुरू हो चुके हैं। इन तीनों प्रकल्पों से कुल 15 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।

इन प्रकल्पों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों के किसानों को अब सिंचाई के लिए दिन में बिजली मिल रही है। इससे पहले किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए मुख्य रूप से रात के समय बिजली पर निर्भर रहना पड़ता था।

महावितरण के सूत्रों के अनुसार, जिले में प्रस्तावित 56 अन्य सौर ऊर्जा प्रकल्पों पर तेजी से काम चल रहा है। इनमें से तीन प्रकल्प आगामी 15 दिनों में कार्यान्वित हो सकते हैं। महावितरण नागपुर परिमंडल के मुख्य अभियंता राजेश नाईक, अधीक्षक अभियंता संजय वाकड़े और अधीक्षक अभियंता प्रफुल लांडे की निगरानी में इन प्रकल्पों का काम गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Created On :   24 Aug 2026 9:06 PM IST

Tags

Next Story