- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फेसबुक पर देखा शेयर मार्केट का...
साइबर जाल: फेसबुक पर देखा शेयर मार्केट का विज्ञापन, झांसे में आकर दवा विक्रेता से हो गई 21.85 लाख की साइबर ठगी

Nagpur News. शेयर ट्रेडिंग में कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक दवा विक्रेता को 21 लाख 85 हजार रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में रविवार को आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद मोबाइल नंबरों के आधार पर साइबर अपराधियों की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
अय्यपा नगर निवासी दवा विक्रेता मोहसिन रज्जा काजी (42) 21 जुलाई से 19 अगस्त 2026 के बीच फेसबुक देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें शेयर मार्केट से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में कम समय में अधिक मुनाफा कमाने की जानकारी दी गई थी। मोहसिन ने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
साइबर अपराधियों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर मोहसिन ने बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में बारी-बारी से 21.85 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उनके निवेश पर मुनाफा भी दिखाया जाने लगा। हालांकि, जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया तो वह रकम कैश नहीं कर सके।
रकम निकालने के लिए संपर्क करने पर आरोपियों ने उनसे और अधिक निवेश करने का दबाव बनाया। इसी दौरान मोहसिन को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। प्रारंभिक जांच में ठगी की पुष्टि होने के बाद साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल नंबरों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Created On :   24 Aug 2026 9:13 PM IST












