सिवेट कैट: पिलर के भीतर छिपा था अनजान मेहमान, जिसे देख मजदूरों में मची दहशत - रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

पिलर के भीतर छिपा था अनजान मेहमान, जिसे देख मजदूरों में मची दहशत - रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
  • शाम को काम के दौरान दिखा अजीब जानवर
  • सूचना मिलते ही पहुंची रेस्क्यू टीम
  • सुरक्षित निकाला, फिर प्राकृतिक आवास में छोड़ा

Nagpur News. हुडकेश्वर आउटर रिंग रोड परिसर में सोमवार शाम निर्माणाधीन इमारत में मजदूर रोज की तरह काम में जुटे थे। तभी करीब 5 बजे एक पिलर के भीतर उन्हें एक विचित्र जानवर छिपा दिखाई दिया। जानवर को देखते ही मजदूर घबरा गए, क्योंकि उन्होंने इससे पहले ऐसा जीव कभी नहीं देखा था। कुछ देर के लिए निर्माणस्थल पर दहशत का माहौल बन गया।


सूचना मिलते ही पहुंची रेस्क्यू टीम

मामले की जानकारी मिलने पर सरोज मोहंते ने ‘हेल्प फॉर एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन, नागपुर’ के सर्पमित्रों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही प्रतीक धवड और प्रेम खुरसंगे मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक जांच की तो पता चला कि पिलर में छिपा जीव सीवेट कैट (उदमांजर) है।

सुरक्षित निकाला, फिर प्राकृतिक आवास में छोड़ा

रेस्क्यू टीम ने बिना किसी नुकसान के सीवेट कैट को पिलर से बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपयुक्त प्राकृतिक आवास वाले सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। सीवेट कैट मुख्य रूप से निशाचर जीव है और रात में अधिक सक्रिय रहता है। यह फल, कीड़े, मेंढक, छिपकलियां, छोटे जीव और पक्षियों के अंडे आदि खाता है। जंगलों के साथ-साथ झाड़ीदार व कृषि क्षेत्रों तथा मानव बस्तियों के आसपास भी इसका आवास पाया जाता है। यह जमीन के साथ पेड़ों पर भी आसानी से विचरण कर सकता है।

Created On :   24 Aug 2026 8:53 PM IST

Tags

Next Story