Bankipur ByPoll 2026: कांग्रेस-RJD के आरोपों पर BJP नेता संजय सरावगी का पलटवार, कहा - 'विपक्ष में बेचैनी है और वो...'

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर आगामी उपचुनाव के लिए बीजेपी के शुक्रवार को उम्मीदवार बदले जाने के बाद सियासी पारा हाई है। इसे लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अभिषेक कुमार बंटी के मां-पिता का बहुचर्चित चारा घोटाला मामले से तार जुड़े थे। इस मामले में उन्हें सजा भी हुई थी। यही वजह है कि बीजेपी ने बांकीपुर सीट पर अपने उम्मीदवार को बदला है। कांग्रेस के इस आरोप पर अब बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया है।
संजय सरावगी ने विपक्ष पर किया पलटवार
संजय सरावगी ने कहा, "परिवारिक कारणों से अभिषेक कुमार ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया और नामांकन वापस लिया। पारिवारिक कारण क्या है यह अभिषेक कुमार ही बता सकते हैं।"
वहीं, आरजेडी की ओर से बीजेपी के नए उम्मीदवार नीरज सिन्हा की जन्मतिथि में गड़बड़ी को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ''13 जुलाई को नीरज सिन्हा नामांकन दाखिल करेंगे। सभी दस्तावेज उनके पब्लिक डोमेन में आ जाएंगे। बीजेपी भारी मतों से जीतने वाली है, इसलिये विपक्ष में बेचैनी है और अनाप शनाप बोल रहे हैं।
आरजेडी ने बीजेपी की उम्मीदवार पर साधा निशाना
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बीजेपी ने नये कैंडिडेट नीरज सिन्हा का जो बायोडाटा जारी किया है, उसमें उनके जन्म का साल 1994 है। बताया गया है कि 2006 में उन्होंने बीजेपी ज्वाइन किया था। इसका मतलब बारह वर्ष के बच्चे को बीजेपी अपना सदस्य बना लेती है। यह क्या खेल चल रहा है?
मालूम हो कि बीजेपी के उम्मीदवार के तौर पर गुरुवार (09 जुलाई) को अभिषेक कुमार बंटी का नामांकन हो गया था और शुक्रवार (10 जुलाई) उन्होंने नाम वापस ले लिया। इसके पीछे उन्होंने पारिवारिक वजह बताई है। इसके बाद बीजेपी ने नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के नाम की घोषणा कर दी है। बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे। वहीं नतीजे 3 अगस्त को घोषित होंगे।
Created On :   11 July 2026 8:10 PM IST











