बिहार विधानसभा चुनाव 2025: आप में से कई पहली बार वोट डालने जा रहे...' राहुल गांधी ने बिहार में वोटिंग से एक दिन पहले Gen-Z से कही ये बात

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान गुरुवार को होंगे। इसके एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य की जनता को संदेश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने Gen-Z का जिक्र किया और कहा, "बिहार के मेरे युवा साथियों, मेरे Gen-Z भाइयों और बहनों, कल का दिन सिर्फ मतदान का दिन नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य की दिशा तय करने का दिन है।"
राहुल गांधी हरियाणा में 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाते हुए कहा, "आपने देखा, हरियाणा में किस तरह भयंकर वोट चोरी का खेल खेला गया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हर जगह इन लोगों ने जनता की आवाज दबाने की कोशिश की। अब इनकी नजर बिहार पर है, आपके वोट पर, आपके भविष्य पर है।"
बिहार की जनता को दिया यह संदेश
राहुल गांधी ने बिहार की जनता से कहा, "आप में से कई पहली बार वोट डालने जा रहे हैं। यह सिर्फ आपका अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कल बड़ी संख्या में अपने मतदान केंद्र पहुंचिए और महागठबंधन के अपने प्रत्याशी को वोट दीजिए। हमारी सरकार अति पिछड़ों से लेकर गरीब लोगों तक सभी सुविधाएं पहुंचाएगी और हर बिहारी को आगे बढ़ाएगी।"
उन्होंने आगे कहा, "बूथ पर हो रही हर साजिश, हर हेरफेर पर सतर्क रहिए। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत, जागरूक जनता होती है। बिहार का भविष्य अब आपके हाथ में है, 'वोट चोरी, सरकार चोरी' की इस साजिश को हराइए। सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए, अपने वोट से लोकतंत्र को बचाइए, बिहार को जगाइए।"
Created On :   5 Nov 2025 11:54 PM IST












