Bihar News: लैपटॉप, फोन, सोना और कैश की चोरी...तेज प्रताप यादव के घर से लाखों का सामान गायब, करीबी पर लगा आरोप

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव के घर में चोरी का मामला सामने आया है। बताया गया है कि उनके सरकारी आवास से लाखों रुपये नकद और कई कीमती सामान गायब हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तेज प्रताप ने अपने एक करीबी सहयोगी पर ही शक जताया है। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़े -शिवसेना यूबीटी में मची तोड़फोड़ को लेकर नेताओं का एक दूसरे पर निशाना, मान सम्मान से लेकर बेईमान, नेताओं पर आए बयान
घर से कई सामान गायब होने का दावा
तेज प्रताप यादव के अनुसार उनके घर में रखे करीब 20 लाख रुपये नकद नहीं मिले। इसके अलावा सोने की चेन, अंगूठी, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, iPad, MacBook, Lenovo लैपटॉप और कई मोबाइल फोन भी गायब बताए गए हैं। सामान नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
निजी सहायक पर लगाया आरोप
तेज प्रताप ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर शक जताया है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि मोतीलाल राय पर सामान ले जाने का संदेह है। इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान पर जांच
शिकायत में बताया गया है कि देर रात दो लोगों ने मोतीलाल राय को एक बैग के साथ घर की दीवार पार करते देखा था। पुलिस इन बयानों की जांच कर रही है। मामले की सच्चाई जानने के लिए पूछताछ और अन्य जांच जारी है।
Created On :   23 Jun 2026 10:16 AM IST









