दिल्ली न्यूज: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जॉर्ज कुरियन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा स्वीकार किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जॉर्ज कुरियन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा स्वीकार किया
प्रधानमंत्री की सलाह पर जॉर्ज कुरियन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार किया

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री की सलाह पर, जॉर्ज कुरियन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया। राष्ट्रपति भवन से ये जानकारी मिली। माना जा रहा है कि केरल विधानसभा चुनाव में बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन की वजह से उन्हें दोबारा राज्यसभा जाने का मौका नहीं मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेता व अल्पसंख्यक कार्य, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे जॉर्ज कुरियन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

65 वर्षीय जॉर्ज कुरियन मूल रूप से केरल के कोट्टायम जिले के हैं, 20 सितंबर 1960 को उनका जन्म हुआ था, वे मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए थे। अगस्त 2024 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल वाले मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे।

कुरियन बीजेपी के पुराने और अनुभवी नेता हैं, वे 1980 में पार्टी की स्थापना के समय से ही इसके सदस्य रहे हैं। राजनीति में सक्रिय रहने के साथ-साथ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में वकील के तौर पर भी काम किया है। उन्होंने कानून में पढ़ाई की है।

हम पहले ही जॉर्ज कुरियन के मोदी 3.0 मंत्रिमंडल से बाहर होने के बारे में बता चुके थे। क्योंकि भाजपा ने उन्हें इस बार राज्यसभा जाने के लिए चुनावी मैदान में नहीं उतारा था। उच्च सदन में उनकी सदस्यता का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो गया है। हालांकि उन्हें आगामी 6 महीने तक बिना सदन सदस्यता के मंत्रिमंडल में रखा जा सकता था, लेकिन सरकार अपने मंत्रिमंडल में विस्तार करना चाहती है, जिसके जरिए मोदी नेतृत्व वाली एनडीए सरकार नए चेहरों को मौका देना चाहती है।

आपको बता दें आगामी सात राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी सरकार और संगठन में युवा और वरिष्ठ के बीच तालमेल बैठाने की कोशिश में है। हाल ही बीजेपी ने 45 वर्षीय नीतिन नवीन को अध्यक्ष बनाकर पार्टी की कमान सौंपी थी। अब पार्टी अनुभवी चेहरों को संगठन की अहम जिम्मेदारी देकर 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में है।

जॉर्ज कुरियन मंत्रिमंडल से बाहर हो चुके है, इसके बाद केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी कभी भी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे सकते है, क्योंकि बीजेपी ने इन दो मंत्रियों को राज्यसभा के चुनावी मैदान में नहीं उतारा।

Created On :   23 Jun 2026 9:55 AM IST

Tags

Next Story