महाराष्ट्र न्यूज: शिवसेना UBT के 6 सांसद शिंदे के साथ, सरकार में शामिल मंत्री का दावा ऑपरेशन टाइगर चलता रहेगा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी के 6 सांसद शिवसेना शिंदे में शामिल हो गए हैं। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने मीडिया के सामने इन बागी सांसदों का स्वागत करते हुए कहा जिस तरह शिवसेना(UBT) की तरफ से प्रतिक्रिया दी जा रही है, संजय राउत गाली-गलौज कर रहे हैं। आने वाले समय में और भी विधायक, नगर सेवक वहां से निकलेंगे।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री योगेश कदम ने ऑपरेशन टाइगर पर एएनआई से कहा यह ऑपरेशन लगातार चलेगा क्योंकि उद्धव ठाकरे गुट में जो भी असंतोष है, उनके नेताओं का कहना है कि जब हमें जरूरत होती है तो हमारे पीछे कोई खड़ा नहीं रहता इसीलिए—मौजूदा असंतोष के कारण—वे हमारे पास आ रहे हैं। हम उनके पास नहीं जा रहे, वे हमारे पास आ रहे हैं। अभी कुछ महीने पहले जब चुनाव हुए थे तो चाहे उद्धव ठाकरे हों या आदित्य ठाकरे, उनके नेता प्रचार के लिए नहीं गए थे जबकि एकनाथ शिंदे हर एक जिले में गए थे। जब आप चुनाव में कार्यकर्ता के लिए काम नहीं करेंगे तो पार्टी का मतलब क्या है?
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने ऑपरेशन टाइगर पर कहा, "सिर्फ तोड़ने वालों को क्यों दोष दें, टूटने वाले भी बदमाश हैं। अगर वे पार्टी छोड़कर नहीं जाते, तो दूसरे उन्हें अपनी पार्टी में शामिल नहीं करते, कल हमने एक सांसद का बयान सुना, यह क्या मतलब है कि विपक्ष से चुनाव जीतो, और फिर कहो कि कोई काम नहीं हो रहा है, और सत्ताधारी पार्टी में शामिल हो जाओ। क्या इसका मतलब यह है कि विपक्ष में कोई नहीं रहना चाहिए? जिनकी पार्टी है वे अपनी पार्टी संभाले। जाने वालों-आने वालों को कोई कितना संभालेगा? इस तरह के 'ऑपरेशन' और नहीं होने चाहिए; इससे जनता में गलत संदेश जाता है और इसका खामियाजा भी उन्हें भुगतना पड़ सकता है।
शिवसेना (UBT) नेता अंबादास दानवे ने सरकारी न्यूज एजेंसी से ऑपरेशन टाइगर पर कहा जो हुआ उसे नकारा नहीं जा सकता लेकिन उन्होंने शिवसेना से गद्दारी की है। शिवसेना में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में वे चुनकर आए थे। उन्हें शिवसेना से इस्तीफा देना चाहिए था और फिर चुनाव लड़ना चाहिए था।
इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा जहां पहले कमल नहीं खिल पाया, वहां कीचड़ फैलाया जा रहा है ,ऑपरेशन कीचड़। कांग्रेस नेता ने कहा उनके अहम को इतनी चोट लगी कि 400 का नारा देकर 240 पर अटक गए, तो अब सांसद खरीद रहे हैं? ऐसा क्यों कर रहे हो? किस पर भरोसा नहीं है? क्या सरकारें इसलिए होती हैं कि सांसद और विधायक खरीदें? झारखंड, मध्य प्रदेश, हर जगह खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा इसको ऑपरेशन कांस्टीट्यूशन कह सकते हैं। कांस्टीट्यूशन का कोई मतलब नहीं रह गया है। लोकतंत्र क्या कुछ लोगों के लिए था? लोकतंत्र जनता के लिए चाहिए। जब तानाशाही हो जाएगा तब कोई अपनी बात नहीं मनवा पाएगा।
Created On :   23 Jun 2026 1:19 PM IST






