Bihar By-Election: तेज प्रताप यादव ने किया बड़ा ऐलान, बांकीपुर विधानसभा सीट से इसे बनाया उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा की एक सीट पर उपचुनाव होने वाले हैं। ये सीट राजधानी पटना की बांकीपुर है। अभी तक उपचुनाव के लिए तारीखों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) ने अपने संभावित प्रत्याशी का ऐलान किया है।
तेज प्रताप यादव ने किया स्वागत
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की है। इसमें उन्होंने बताया कि वीणा मानवी ने उनकी पार्टी की सदस्यता ली है। इसके साथ ही उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी है। तेज प्रताप यादव ने कहा, "जनशक्ति जनता दल परिवार में हार्दिक स्वागत एवं शुभकामनाएं। आज व्यवस्था एवं समृद्ध महिला विकास मंच की कमेटी के तत्वावधान में वीणा मानवी ने जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी परिवार का हिस्सा बनने का निर्णय लिया। इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।"
वीणा मानवी को सौंपी ये जिम्मेदारी
जेजडी प्रमुख ने आगे बताया, "साथ ही, आगामी बांकीपुर विधानसभा (पटना) से जनशक्ति जनता दल की ओर से उन्हें संभावित प्रत्याशी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी प्रदान करने एवं विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रतिनिधित्व कराने का निर्णय लिया गया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वीणा मानवी जी अपने समर्पण, सेवा-भाव एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र की जनता की आवाज बनकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। जनशक्ति जनता दल उनके उज्ज्वल राजनीतिक जीवन एवं सफल जनसेवा की मंगलकामना करता है।"
इस वजह से हुई सीट खाली
गौरतलब है कि बीजेपी ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुना। इसके बाद उन्हें राज्यसभा के लिए चुनाव लिया गया। उनका राज्यसभा जाने की वजह से बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हो गई। उनकी सीट खाली होने से यहां पर उपचुनाव होंगे। हालांकि, अभी तक इस चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने तारीखों का ऐलान नहीं किया है।
यह भी पढ़े -बिहार में 15 अगस्त को 30 हजार भूमिहीन परिवारों को मिलेगा अपने घर की जमीन का अधिकार दिलीप जायसवाल
Created On :   30 Jun 2026 11:58 PM IST












