पुलिस के लिए चुनौती बने अंधे हत्याकांड, एडीजी ने दिया अल्टीमेटम, साल 2022 के मामलों का निकाल नहीं कर पाई पुलिस

पुलिस के लिए चुनौती बने अंधे हत्याकांड, एडीजी ने दिया अल्टीमेटम, साल 2022 के मामलों का निकाल नहीं कर पाई पुलिस
24 नवम्बर 2022 को चंदनगांव निवासी प्रवीण सिंह का शव मिला था

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घटित हत्याओं के अनसुलझे मामले पुलिस के लिए मुसीबत बने हुए है। साल 2022 में जघन्य और अंधे हत्याकांड पुलिस अभी तक नहीं सुलझा पाई है। शुक्रवार को छिंदवाड़ा के दौरे पर आए एडीजी उमेश जोगा ने संबंधित थानों के टीआई को अंधे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए है।

इसके पूर्व वार्षिक समीक्षा बैठक में श्री जोगा ने दिसम्बर 22 तक अनसुलझे मामलों की गंभीरता से जांच कर निकाल के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी पुलिस अधिकारियों को सफलता नहीं मिल पाई है। जिले के तामिया, कुंडीपुरा, पांढुर्ना, उमरेठ के अंधे हत्याकांड पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहे हैं।

हाथ-पैर बांधकर पानी में फेंका शव-

तामिया के झिंगरिया वॉटर फॉल में 24 नवम्बर 22 को चंदनगांव निवासी प्रवीण सिंह का शव मिला था। आरोपियों ने हत्या के बाद हाथ-पैर बांधकर शव पानी में फेंका था। पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।

मृत महिला की नहीं हुई पहचान-

कुंडीपुरा के लकड़ाई जम्होड़ी से लगी बोहना पुलिया के समीप 7 नवम्बर 22 को लगभग 35 वर्षीय उम्र की एक महिला का शव मिला था। शव कंकाल में बदल गया था। इस वजह से मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पांढुर्ना में मिला था महिला का शव-

12 नवम्बर 22 को पांढुर्ना के तीगांव स्थित रेलवे ट्रैक के समीप कुएं में एक महिला का शव मिला था। मृतका की कमर में तार बंधे मिले थे। मृतका का शव पुराना होने से उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

उमरेठ में मिले शव की नहीं हुई शिनाख्त-

उमरेठ के पत्थरई नदी के समीप सडक़ किनारे एक युवक का शव मिला था। शव मिट्टी में दबा मिला था। पुलिस अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं कर पाई है।

Created On :   27 May 2023 5:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story