Delhi News: महाराष्ट्र के 7 सांसदों समेत 17 को संसद रत्न पुरस्कार

महाराष्ट्र के 7 सांसदों समेत 17 को संसद रत्न पुरस्कार
  • मंत्री रिजिजू उत्कृष्ट योगदान के लिए किया पुरस्कृत
  • संसद में बेहतर काम करने वालों का सम्मान

Delhi News संसद में बेहतर काम करने वाले महाराष्ट्र के 7 सांसदों समेत देश के 17 सांसदों को शनिवार को संसद रत्न पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया। केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में सांसदों को सम्मानित किया। इसके साथ ही दो संसदीय स्थायी समितियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के जिन 7 सांसदों को सम्मानित किया गया, उनमें एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले और शिवसेना (शिंदे) के श्रीरंग बारणे और नरेश म्हस्के, शिवसेना (उद्धव) सांसद अरविंद सावंत, भाजपा की स्मिता वाघ, कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ और भाजपा की राज्यसभा सभा सदस्य मेधा कुलकर्णी को संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हालांकि सुप्रिया सुले आज के कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाईं।

चार सांसदों को विशेष पुरस्कार : संसदीय लोकतंत्र में उत्कृष्ट और स्थायी योगदान के लिए चार सांसदों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनमें सुप्रिया सुले (एनसीपी-शरद गुट), श्रीरंग बारणे (शिवसेना-शिंदे), भर्तृहरि महताब (भाजपा), एन.के. प्रेमचंद्रन (आरएसपी) का नाम शामिल है।

संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित सांसद : विशेष पुरस्कार पाने वाले 4 सांसदों के अलावा अन्य 13 सांसदों को भी उनके विशिष्ट संसदीय कर्तव्य के निर्वहन के लिए संसद रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इन सांसदों ने प्रश्न पूछकर, बहस में भाग लेकर और विधेयकों पर सुझाव देकर संसद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसमें स्मिता वाघ (भाजपा), अरविंद सावंत (शिवसेना उद्धव गुट), नरेश म्हस्के (शिवसेना-शिंदे गुट), वर्षा गायकवाड़ (कांग्रेस), मेधा कुलकर्णी (भाजपा), प्रवीण पटेल (भाजपा), रवि किशन (भाजपा), निशिकांत दुबे (भाजपा), विद्युत बरन महतो (भाजपा), पी. पी. चौधरी (भाजपा), मदन राठौड़ (भाजपा), सी.एन. अन्नादुरई (डीएमके) और दिलीप सैकिया (भाजपा) का नाम शामिल है।

दो संसदीय समितियों को भी सम्मानित किया गया : दो संसदीय स्थायी समितियों को भी संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें भर्तृहरि महताब (भाजपा) की अध्यक्षता वाली वित्त स्थायी समिति और चरणजीत सिंह चन्नी (कांग्रेस) की अध्यक्षता वाली कृषि स्थायी समिति शामिल हैं।


Created On :   26 July 2025 8:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story