दिल्ली समाचार: 20 साल बाद जामिया यूनिवर्सिटी में होगे छात्र संघ चुनाव, छात्रों को थमाए निलंबन के आदेश होंगे रद्द

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जामिया विश्वविद्यालय में दो दशक बाद स्डूडेंट की मांग रंग लाई। दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने 20 साल बाद छात्र संघ चुनाव कराने का ऐलान किया है। इससे छात्रों में खुशी की लहर है। आपको बता दें छात्र लंबे समय से विश्वविद्यालय में चुनाव कराने की मांग कर रहे थे। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव कराने का फैसला लिया है। जामिया विवि प्रशासन ने फैसले के साथ साथ कुछ शर्ते भी रखी है। विवि प्रशासन का कहना है कि छात्र संघ के संविधान को मंजूरी मिलने के बाद ही 15 दिनों के भीतर चुनाव करवाएं जाएंगे। पूरी चुनाव की प्रक्रिया इसी संविधान के आधार पर आगे बढ़ेगी। आपको बता दें कि जामिया में छात्र संघ चुनाव आखिरी बार 2006 में हुए थे। इसके बाद अब विवि ने चुनाव कराने का फैसला लिया है, यानि करीब दो दशक तक यूनिवर्सिटी में चुनाव नहीं कराए गए।
छात्र लंबे समय से कर रहे थे मांग
विश्विद्यालय में पिछले कई दिनों से छात्र, छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद अब विवि प्रशासन ने ये घोषणा की है। कई छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे थे। उनका कहना था कि छात्रसंघ होने से छात्रों की समस्याएं प्रशासन तक बेहतर तरीके से पहुंच सकेंगी।
यह भी पढ़े -संभल में मंदिर-मस्जिद विवाद और भड़काऊ बयानबाजी मामले में पुलिस ने चार लोगों को भेजा नोटिस
निलंबन का नोटिस भी वापस
चुनाव की मांग को लेकर छात्रों की ओर से हुए प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय ने कुछ छात्रों को निलंबन का नोटिस थमाया था, लेकिन अब संस्था ने ऐसे सभी निलंबन को वापस लेना का निर्णय लिया है। यहीं नहीं विश्वविद्यालय प्रदर्शन के समय सिक्योरिटी स्टाफ द्वारा छात्रों पर हुई हिंसा की जांच करेगा।
सार्वजनिक माफी की मांग
प्रशासन ने यह भी शर्त रखी है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान जिन छात्रों ने यूनिवर्सिटी को लेकर अपमानजनक बयान दिया है, उन्हें सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी होगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट को भी डिलीट करने को कहा है।
Created On :  


