मुख्तार अंसारी पर बोले राजभर: योगी कैबिनेट में शामिल नेता ओम प्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी को बताया 'गरीबों का मसीहा'

योगी कैबिनेट में शामिल नेता ओम प्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी को बताया गरीबों का मसीहा
  • योगी कैबिनेट के मंत्री का मुख्तार अंसापी पर बयान
  • सुभासपा प्रमुख ने मुख्तार को बताया गरीबों का मसीहा
  • ओम प्रकाश राजभर योगी कैबिनेट में मंत्री हैं

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्तार अंसारी की मौत पर कुछ भी बोलने से बचने वाले सुभासपा नेता और योगी कैबिनेट में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक समाचार चैनल से बातचीत के दौरान खुलकर अपनी बात रखी। सुभासपा प्रमुख ने मुख्तार अंसारी को गरीबों का मसीहा और क्रांतिकारी बताया है। इसके अलावा राजभर ने यह भी कहा कि वह मुख्तार अंसारी को लेकर अपने बयान पर कायम है। बांदा जेल में बंद बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। आज सुबह उनके पैतृक गांव मोहम्मदबाद के कालीबाग कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है।

सुभासपा नेता ने एबीपी न्यूज से मुख्तार अंसारी की मौत पर बातचीत करते हुए कहा, "ये एक दुखद घटना है और ईश्वर के आगे किसी नहीं चलती। डॉक्टरों का जो कहना है जो उनकी मेडिकल रिपोर्ट में हार्ट अटैक को बताया गया है। परिवार का जो आरोप है उसकी सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जो होगा वो सामने आएगा।" उत्तर प्रदेश की एनडीए गठबंधन में शामिल पार्टी के प्रमुख और कैबिनेट मंत्री का यह बयान भाजपा के स्टैंड से काफी अलग है।

'गरीबों का मसीहा'

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी को गरीबों का मसीहा बताया है। यूपी सरकार में मंत्री राजभर ने कहा, "जब भी किसी गरीब पर ज्यादती होगी तो गरीब के साथ जो खड़ा दिखाई देगा तो गरीबों का मसीहा ही कहा जाएगा। मुख्तार अंसारी को लेकर कई लोगों के बयान आएं है कि हमारी जान बचाई ...हमारी मदद की ...जब उन्होंने गरीबों की मदद की है तो वो गरीबों के मसीहा होंगे ही।" इसके अलावा ओम प्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी को क्रांतिकारी मानने वाले अपने बयान पर अडिग रहते हुए कहा कि वह आज भी अपने बयान पर कायम हैं।

जहर देने के आरोप पर बोले राजभर

परिवार की तरफ से मुख्तार अंसारी को जेल में धीमा जहर देने का आरोप लगाया जा रहा है। इससे जुड़े सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "कोर्ट में उन्होंने इस बात जिक्र किया था, उसे कोर्ट ने संज्ञान में भी लिया और कहा था कि इसकी जांच कराई जाएगी लेकिन, इधर ये घटना घट गई। कोर्ट के आदेश पर तीन अधिकारियों को निलंबित भी कर दिया गया है।"

आपको बता दें कि मुख्तार अंसारी का बड़ा बेटा अब्बास अंसारी सुभासपा से ही विधायक है। इस मुद्दे पर राजभर अपना पल्ला झाड़ते दिखे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के आंकड़े के हिसाब से अब्बास अंसारी हमारी पार्टी में है लेकिन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कहने पर उन्होंने मुख्तार अंसारी के बेटे को पार्टी का सिंबल दिया था।

Created On :   30 March 2024 9:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story