MP News: आसियान और भारत के पास युवा जनसंख्या की अपार ऊर्जा है, समानता और साझे विकास की संभावना भी अपार- राज्यपाल

आसियान और भारत के पास युवा जनसंख्या की अपार ऊर्जा है, समानता और साझे विकास की संभावना भी अपार- राज्यपाल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। आसियान समिति के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को भोपाल में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने प्रतिनिध मंडल से कहा कि मप्र के साथ साझी विकास यात्रा की संभावना अपार हैं। भारत और आसियान देश साझी सभ्यता वाले क्षेत्र हैं। मप्र और आसियान देशों के बीच सांस्कृतिक आत्मीयता, व्यापारिक समानता और सहयोग की संभावनाएं मजबूत हैं। राज्यपाल ने प्रतिनिधि मंडल से कहा कि दोनों क्षेत्रों के पास युवा जनसंख्या की ऊर्जा, नवाचार की क्षमता, विविध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति तथा विकास के प्रति समान संवेदनशील दृष्टिकोण मौजूद है।

प्रदेश के साथ व्यापार, निवेश, पर्यटन, शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में असाधारण और दीर्घकालिक साझेदारियां करने की अनंत संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि मप्र में स्थिर, सुरक्षित और उद्योग अनुकूल वातावरण इस यात्रा को और अधिक अर्थपूर्ण बनाएगा। राज्यपाल ने समिति के प्रतिनिधियों को बताया कि मप्र की जनता सरलता, परिश्रम, सहिष्णुता और सौहार्द की मिसाल है। मप्र में 11 एग्रो क्लाइमेटिक जोन होने के कारण इसे देश की फूड बास्केट कहा जाता है।

मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत सरकार की एक्ट ईस्ट पॉलिसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। यह नीति भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के साझा इतिहास, सांस्कृतिक जड़ों और भविष्य की समृद्ध साझेदारी को मजबूत करने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि मप्र के साथ व्यापारिक, निवेश, तकनीकी, सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों में निरंतर वृद्धि से पारस्परिक रिश्ते मजबूत होंगे। नए अवसर उत्पन्न होंगे। हमारी सहभागिता आने वाले वर्षों में एक नए अधिक विकसित युग का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पारदर्शी नीतियों के साथ निवेशकों को सुरक्षा प्रदान करती है। आसियान नई दिल्ली समिति के अध्यक्ष, भारत में मलेशिया के उच्चायुक्त दातो मुजफ्फर शाह मुस्तफा ने मध्यप्रदेश में प्रतिनिधि मंडल के सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया।

Created On :   20 Nov 2025 3:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story