MP News: भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रांत की बैठक आज भोपाल में हुई संपन्न, संगठनात्मक विषयों पर हुआ मंथन

भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रांत की बैठक आज भोपाल में हुई संपन्न, संगठनात्मक विषयों पर हुआ मंथन
भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रांत की महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक शुक्रवार को भोपाल स्थित भारतीय किसान संघ कार्यालय में आयोजित की गई।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रांत की महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक शुक्रवार को भोपाल स्थित भारतीय किसान संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक चली। बैठक में संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष माननीय के. साईं रेड्डी का विशेष सानिध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

बैठक में प्रांत में निवासरत अखिल भारतीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, संभागीय अध्यक्ष एवं मंत्री, जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री, कोषाध्यक्ष तथा जिला महिला संयोजिकाओं सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख एजेंडे में अन्न संग्रह अभियान की समीक्षा, धन्यवाद पत्रक एवं रसीदों का जमा करना, आगामी जिला अभ्यास वर्गों की तिथि एवं स्थान का निर्धारण, दिल्ली में आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन हेतु लक्ष्य तय करना, तहसील स्तर पर वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा बनाना तथा भगवान बलराम जयंती के कार्यक्रमों की तैयारी एवं लक्ष्य निर्धारण शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त संगठन की आगामी गतिविधियों एवं किसान हित से जुड़े अन्य विषयों पर भी प्रांत अध्यक्ष की अनुमति से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संगठन के विस्तार, कार्ययोजना तथा किसान हितों के लिए आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया गया।

Created On :   17 July 2026 6:37 PM IST

Tags

Next Story