- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कांग्रेस के युवा स्वाभिमान जेन-जी...
MP News: कांग्रेस के युवा स्वाभिमान जेन-जी साइक्लोथॉन का समापन, जीतू पटवारी बोले - शिक्षा बजट के बावजूद स्कूलों में शिक्षक, भवन, बिजली और टॉयलेट का टोटा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कांग्रेस के छात्रों की गूंज अभियान के तहत कांग्रेस की युवा स्वाभिमान जेन साइक्लोथॉन यात्रा बुधवार को भोपाल पहुंची। इंदौर से मंगलवार को यात्रा शुरू हुई थी, इसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, उमंग सिंघार सहित कांग्रेस पदाधिकारी और युवा शामिल हुए। बुधवार को भोपाल में यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान जनसभा में जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, '25 वर्षों की भाजपा सरकार में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो गई है। 37 हजार करोड़ रुपये के शिक्षा बजट के बावजूद सरकारी स्कूलों में शिक्षक, भवन, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है तथा लगभग 50 प्रतिशत शिक्षकों के पद रिक्त हैं।'
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार, छात्रों को निष्पक्ष परीक्षाएं और किसानों को राहत देने में विफल रही है। कांग्रेस पार्टी देश के हर छात्र को न्याय दिलाने के लिए संकल्पित है। 200 किलोमीटर की युवा स्वाभिमान यात्रा में दो दिनों में 2 लाख से अधिक लोग जुड़े। शिक्षा, रोजगार और छात्रों के अधिकारों की आवाज़ उठाई।' पीसीसी प्रमुख ने आगे कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों में 90 बार पेपर लीक हुए। 50 से अधिक परीक्षाएं निरस्त करनी पड़ीं। मप्र में व्यापम और पीएससी सहित भर्ती परीक्षाओं में लगातार घोटाले सामने आए ।
यह भी पढ़े -मध्य प्रदेश लखन पटेल का विभाग बदलने पर जीतू पटवारी का सीएम मोहन यादव से सवाल, क्या व्यवस्था भी बदलेगी?
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि छात्रों की गूंज केवल एक साइक्लोथॉन नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, युवाओं के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई का जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि आज की जेन जी को देश का भविष्य तय करना होगा। यदि युवा आगे नहीं आए तो उनका अपना भविष्य भी सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान संकट में हैं, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं और सरकारी भर्तियों के स्थान पर आउटसोर्स व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सिंघार ने एथेनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को पेट्रोल में एथेनॉल मिलाकर उपयोग करने के लिए दबाव बनाया जा रहा। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा आज कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कक्षाएं खाली हैं क्योंकि युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा। सरकार न युवाओं को रोजगार दे पा रही है, न किसानों को राहत और न ही छात्रों को निष्पक्ष अवसर।
यह भी पढ़े -मंत्री लखन पटेल को हटाने के बाद पशुपालन विभाग सीएम के पास, जीतू पटवारी ने सीएम को लिखा पत्र - क्या विभाग बदलने के साथ व्यवस्था भी बदलेगी!
एनएसयूआई नेता पर महिला कार्यकर्ता ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
एनएसयूआई नेता सुभाष यादव पर साथी महिला कार्यकर्ता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया। भोपाल के पिपलानी थाना पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है। आरोपी सुभाष के खिलाफ पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार 10 जुलाई की है। छात्रों की गूंज की बैठक के बहाने महिला कार्यकर्ता को आरोपी सुभाष यादव फ्लैट में ले गया। फिर रात अधिक होने की बात कहकर वहां रुकने के लिए कहा। आरोपी ने रात में छात्रा के साथ छेड़छाड़, मारपीट और दुष्कर्म किया।
Created On :   17 July 2026 2:32 AM IST











