MP News: कांग्रेस ने सीईसी ज्ञानेश के खिलाफ किया प्रदर्शन, इस्तीफे के साथ देशद्रोह लगाने की मांग

कांग्रेस ने सीईसी ज्ञानेश के खिलाफ किया प्रदर्शन, इस्तीफे के साथ देशद्रोह लगाने की मांग
प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को भोपाल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को भोपाल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में विधायक, सांसद और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय से निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव करने निकले। जिनको पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक कांग्रेसी सड़क पर ही विरोध प्रदर्शन करते रहे। ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। जिसमें कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। वहीं बाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इस दौरान पटवारी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ देशद्रोह लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की नींव जनता के वोट और उसके भरोसे पर टिकी है। कांग्रेस ने 2014 और 2019 के जनादेश को स्वीकार किया, लेकिन 2024 के चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाए हैं। इन सवालों का जवाब तथ्यों और पारदर्शिता के साथ मिलना चाहिए। पटवारी ने कहा पंचायत स्तर से लेकर संसदीय क्षेत्र तक भ्रष्टाचार को मिटाना है। अपने संबोधन के दौरान पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। कहा कि शिवराज कहते हैं मोदी युगपुरुष हैं। तो शिवराज का हम नार्को टेस्ट कराना चाहते हैं।

यह लोकतंत्र के विश्वास की लड़ाई है

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह लड़ाई किसी पार्टी की सत्ता की नहीं, बल्कि आम आदमी के वोट, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कांग्रेस के लिए पुलिस बैरिकेडिंग लगा सकते हैं लेकिन देश के लिए नहीं लगा पाएंगे। उन्होंने एसआईआर, दिल्ली में बूथ लेवल पर नाम काटने, चीफ जस्टिस को प्रक्रिया से बाहर करने और ईवीएम मशीन के लिए 7वीं मंजिल पर आग लगने की घटना का जिक्र किया। सिंघार ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है। हमें गांव के उस आम व्यक्ति के लिए लड़ना है जो लोकतंत्र से उम्मीद लगाए बैठा है। युवाओं का परिवार कर्ज में डूबा हुआ है। ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए भाजपा संगठन और मंत्रियों को लगा दिया गया।

चुनाव आयोग की नियुक्ति पर सवाल

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा यह कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, यह लड़ाई देश, मध्य प्रदेश और संविधान को बचाने की लड़ाई है। चुनाव आयोग की नियुक्ति और उसकी जवाबदेही से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्था में बदलाव को लेकर गंभीर सवाल हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल हैं। ईआरओ की कानूनी भूमिका और एसआईआर की प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब संविधान और कानून के आधार पर दिया जाना चाहिए।

Created On :   30 Sept 2026 12:53 AM IST

Tags

Next Story