- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- सुगम परिवहन सेवा को लेकर पटवारी ने...
Bhopal News: सुगम परिवहन सेवा को लेकर पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखा पत्र, योजना में फर्जीवाड़ा और अनियमितता के लगाए आरोप

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखा है। पटवारी ने पत्र के जरिए योजना में कथित फर्जीवाड़े और अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस जनता के साथ हुए कथित फ्रॉड की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएगी।
यह भी पढ़े -केंद्रीय गृह-सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्यप्रदेश प्रवास पर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ली जानकारी
पत्र में पटवारी ने कहा प्रदेश को सुगम बस सेवा की नितांत आवश्यकता है, परन्तु पंद्रह हजार बसों की इस योजना की शुरुआत ही जालसाजी से हुई। केन्द्रीय मंत्री माननीय नितिन गडकरी की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम में बड़े पैमाने का फ्रॉड उजागर हो चुका है। 1500 बसों का दावा किया, जबकि सरकारी आंकड़ों में मात्र तीन सौ इक्यावन बसें दिखाई गईं। मार्गों को लेकर भी अफरा-तफरी रही। कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित भगवा रंग की बसें वास्तव में पुरानी खटारा बसें थीं। जिन पर महज लीपा-पोती कर दिखावा किया गया। हरी झंडी दिखाने के बाद जब ये बसें सड़कों पर उतरीं, तब उनकी असलियत और भी स्पष्ट हो गई। अनेक बसें अब आउट ऑफ फिटनेस हो चुकी हैं। इंदौर में एक बस के ब्रेक फेल होने से कई निर्दोष नागरिक पहियों के तले रौंद दिए गए। यह इसकी भयावह मिसाल है।
पटवारी ने आगे कहा कि बसों के प्रचार-प्रसार पर इतना अधिक व्यय किया गया कि उतने धन से अनेक नई बसें खरीदी जा सकती थीं। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने अपने भाषण में प्रदेश के आकंठ भ्रष्टाचार की पोल खोल दी।
Created On :   30 Sept 2026 12:51 AM IST













