- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- भोपाल के कस्तूरबा स्कूल में 2...
Bhopal News: भोपाल के कस्तूरबा स्कूल में 2 अक्टूबर को होगा पूर्व छात्र-छात्रा मिलन समारोह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के जवाहर चौक स्थित शासकीय कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं का बहुप्रतीक्षित पूर्व छात्र-छात्रा मिलन समारोह आगामी 2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों को वर्षों बाद एक मंच पर एकत्रित कर पुरानी स्मृतियों को ताजा करना तथा विद्यालय से जुड़े अपने अनुभवों और उपलब्धियों को साझा करना है।
समारोह में विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे पंजीयन एवं स्वागत से होगी। इसके बाद दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती वंदना, विशिष्ट अतिथि का स्वागत-संबोधन तथा आदरणीय शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।
यह भी पढ़े -बीजेपी कोर कमेटी की बैठक कल, महाकाल दर्शन के बाद एक्शन मोड में बीजेपी के नए संगठन महामंत्री, कल भोपाल में लेंगे बड़ी बैठक
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्र-छात्राओं के मिलन के साथ उनके अनुभवों एवं विद्यालय से जुड़ी यादों को साझा करने का अवसर भी मिलेगा। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह का समापन सामूहिक दोपहर भोज के साथ होगा।
कस्तूरबा विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले पूर्व छात्र-छात्राओं से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजन समिति का कहना है कि यह समारोह केवल एक औपचारिक मिलन नहीं, बल्कि विद्यालय, शिक्षकों और सहपाठियों के साथ जुड़ी उन सुनहरी स्मृतियों को फिर से जीवंत करने का अवसर है, जो समय बीतने के बाद भी मन में हमेशा बनी रहती हैं।
आयोजन समिति ने सभी पूर्व छात्र-छात्राओं से 2 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में उपस्थित होकर समारोह को सफल बनाने तथा अपनी उपस्थिति की पुष्टि करने का अनुरोध किया है।
स्थान: शासकीय कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जवाहर चौक, भोपाल
दिनांक: 2 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार)
समय: प्रातः 10 बजे से
Created On :   29 Sept 2026 11:19 PM IST














