GST खाते में सेंधमारी का खुलासा!: दिल्ली में बैठे कारोबारी पर धोखाधड़ी का आरोप, भोपाल के व्यापारी के GST खाते से 8 करोड़ के फर्जी इनवॉइस अपलोड

दिल्ली में बैठे कारोबारी पर धोखाधड़ी का आरोप, भोपाल के व्यापारी के GST खाते से 8 करोड़ के फर्जी इनवॉइस अपलोड
भोपाल के एक व्यापारी का GST खाता हैक कर 8.09 करोड़ रुपये से अधिक के 989 फर्जी इनवॉइस अपलोड करने और करीब 1.46 करोड़ रुपये की GST चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के एक व्यापारी का GST खाता हैक कर 8.09 करोड़ रुपये से अधिक के 989 फर्जी इनवॉइस अपलोड करने और करीब 1.46 करोड़ रुपये की GST चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने दिल्ली निवासी बसंत कुमार श्रीवास्तव उर्फ बसंत कुमार गौर और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी गई है।

पासवर्ड बदलकर फाइल किया रिटर्न

EOW के अनुसार, शिकायतकर्ता भोपाल में एक प्रोपराइटरशिप फर्म चलाते हैं, जिसका GST रजिस्ट्रेशन 19 जून 2025 को हुआ था। आरोप है कि फरवरी 2026 में उनकी जानकारी के बिना GST खाते का पासवर्ड बदल दिया गया। इसके बाद खाते में दूसरी ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर जोड़कर फरवरी 2026 का GSTR-1 रिटर्न फाइल कर दिया गया।

व्यापारी ने 24 फरवरी को खाते में लॉगिन करने की कोशिश की, लेकिन गलत यूजरनेम या पासवर्ड का मैसेज मिला। GST कार्यालय की मदद से खाता दोबारा खुलवाने पर पता चला कि उनके नाम से 989 इनवॉइस अपलोड किए गए हैं, जिनका कुल मूल्य 8,09,81,305 रुपये है। व्यापारी ने इन बिलों से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।

ई-मेल और मोबाइल नंबर से आरोपी तक पहुंची जांच

शिकायत मिलने के बाद EOW ने केंद्रीय GST, राज्य कर विभाग, DGGI, Google India और मोबाइल कंपनियों से जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि फर्जीवाड़े में इस्तेमाल की गई ई-मेल आईडी आरोपी की फर्म सिद्धि इंटरप्राइजेस के GST रजिस्ट्रेशन में भी दर्ज है। संबंधित मोबाइल नंबरों में से एक अन्य आरोपी के नाम पर जारी पाया गया, जबकि दूसरे नंबर का इस्तेमाल भी आरोपी द्वारा किए जाने की जानकारी मिली।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पर अन्य फर्मों के GST खातों में फर्जी क्रेडिट नोट अपलोड करने का आरोप है। EOW अब इनवॉइस से लाभ लेने वाली फर्मों और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Created On :   13 Oct 2026 4:07 PM IST

Tags

Next Story