MP News: टीआई दिलीप पुरी को गाड़ी से कुचलने वाले आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश पड़ी भारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देवास में टीआई दिलीप पुरी को गाड़ी से कुचलने के मामले में पुलिस ने आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू का शॉर्ट एनकाउंटर किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी को खातेगांव थाने ले जा रही थी। इसी दौरान बरोठा रोड पर उसने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की। आरोपी को भागता देख पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान गजेंद्र घायल हो गया। इसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। मामले में पुलिस की ओर से अभी और जानकारी सामने आना बाकी है।
यह भी पढ़े -दिया मिर्जा वीडियो मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, कहा - 'भारत धर्मनिरपेक्ष देश', BMC को दिया दोबारा अपलोड करने का आदेश
थाना प्रभारी को ट्रक से कुचला
आपको बता दें कि, खातेगांव में अवैध शराब पकड़ने के लिए पुलिस की टीम जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश की। आरोप है कि उसने खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को ट्रक से कुचल दिया। इस हादसे में टीआई की मौके पर ही मौत हो गई।
शराब पकड़ने के लिए हाईवे पर कर रहे थे जांच
दरअसल, दिलीप पुरी गोस्वामी अपनी पुलिस टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। पुलिस को अवैध शराब ले जाने वाले ट्रक की तलाश थी। इसी दौरान एक ट्रक वहां पहुंचा। आरोप है कि चालक ने पुलिस को देखकर रुकने के बजाय ट्रक आगे बढ़ा दिया और टीआई को कुचल दिया। इस घटना में उनकी जान चली गई।
सीएम ने जताया था दुख
सीएम मोहन यादव ने कहा था कि देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। घटना की जांच के लिए स्पेशल DG उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने आगे कहा था कि वीर बलिदानी दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति !
Created On :  

