- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- फालन-आउट प्रक्रिया बंद करने और...
MP News: फालन-आउट प्रक्रिया बंद करने और नियमितीकरण की मांग को लेकर पांचवें दिन भी डटे रहे अतिथि विद्वान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अतिथि विद्वान शिक्षकों ने पांचवें दिन रविवार को भी भोपाल के नीलम पार्क में फॉलेन आउट प्रक्रिया को बंद करने और नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा भी अतिथि शिक्षकों से मिलने धरना स्थल पहुंचे थे। जहां शिक्षक अपनी मांग को लेकर अड़े रहे। इससे पहले शिक्षक उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से भी मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे थे।
अतिथि शिक्षकों के 4 प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए बुलाया था। लेकिन बातचीत का कोई नतीजा निकला। जानकारी के मुताबिक मंत्री ने फॉलन आउट की प्रक्रिया बंद करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बंगले के बाहर डटे अतिथि शिक्षकों को हटाकर नीलम पार्क भेज दिया। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि नौकरी की अनिश्चितता के चलते वे परेशान हैं। अतिथि शिक्षकों की मांग है कि निश्चित समय-सीमा: नियमितीकरण और स्थायित्व के लिए नीति बनाने की समय-सीमा तय की जाए। स्थायी नीति लागू होने तक फॉलन आउट प्रक्रिया बंद की जाए। नियमित प्राध्यापक के आने पर अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त हो जाती है। जो कि बंद की जानी चाहिए।
अतिथि शिक्षकों के लिए कोई ठोस नीति बनाई जाए। शिक्षकों ने कहना है कि हजारों ऐसे गेस्ट टीचर्स हैं जो पिछले 10 से 20 सालों से सरकारी कॉलेजों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें से ज्यादातर की उम्र 40 से 55 वर्ष हो गई है। बार-बार की इस विस्थापन प्रक्रिया के चलते वे अन्य सीधी भर्तियों में भी हिस्सा नहीं ले पाए हैं। फालन आउट से उनका भविष्य अब अधर में लटका हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी नौकरी की सुरक्षा और विवादित फालन-आउट व्यवस्था को समाप्त करने की मांग पूरी नहीं होती तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। आपको बता दें करीब 200 गेस्ट टीचर्स ने अपनी लंबित मांगों को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से गुहार लगा रहे हैं। अतिथि शिक्षक पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी काफिला रोककर उनसे चुनाव के दौरान किए वादे की याद दिला चुके हैं। शिक्षकों का कहना है कि 10 जुलाई 2026 को रविंद्र भवन सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री ने हरियाणा मॉडल से बेहतर नीति बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कदम उनके भविष्य को लेकर नहीं उठाया गया है।
Created On :   22 Sept 2026 12:09 AM IST













