- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छात्रों की गूंज कार्यक्रम से...
MP News: छात्रों की गूंज कार्यक्रम से उत्साहित है कांग्रेस, कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगे छात्रों से संवाद

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 19 सितंबर को इंदौर में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम की सफलता को लेकर रविवार को इंदौर प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा इंदौर में हुए छात्रों की गूंज के आयोजन में कार्यक्रम स्थल की क्षमता से कई गुना अधिक संख्या में युवा, छात्र और विशेष रूप से बेटियां पहुंचीं। इंदौर का आयोजन एक शुरुआत है। अब छात्रों की गूंज की आवाज पूरे मप्र में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे।
यह भी पढ़े -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजोदा-कैलोद-डबलचौकी सड़क के निर्माण कार्य का वर्चुअल भूमिपूजन किया
छात्रों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा, उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें एकत्रित कर शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मप्र में छात्रों की गूंज अभियान के जरिए सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा और छात्रों और युवाओं के भविष्य को लेकर प्रदेशभर में संवाद किया जाएगा। इंदौर में उमड़ा जन समर्थन इस बात का संकेत है कि शिक्षा, रोजगार और छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर युवा गंभीर बहस चाहते हैं। हमारा उद्देश्य किसी से विवाद करना नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य को लेकर सरकार, समाज और युवाओं के बीच एक सकारात्मक और सार्थक बहस को आगे बढ़ाना है।
यह भी पढ़े -सीएम डॉ मोहन यादव का बड़ा ऐलान, युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार उठा रही है अहम कदम
वास्तविक मुद्दों पर चर्चा हो
पटवारी ने कहा राहुल गांधी ने देश में शिक्षा, छात्रों के अधिकार, शिक्षा की सुरक्षा, किफायती शिक्षा, भ्रष्टाचार-मुक्त शिक्षा और रोजगारपरक शिक्षा को लेकर जिस राष्ट्रीय बहस की शुरुआत की है, उसे युवाओं ने अपने मुद्दे के रूप में स्वीकार किया है। सरकार, समाज, बुद्धिजीवी, युवा और राजनीतिक दलों को मिलकर देश के युवाओं के भविष्य पर सकारात्मक चर्चा करनी चाहिए। पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। प्रदेश में ढाई लाख से अधिक शिक्षकों की कमी, सरकारी विश्वविद्यालयों में 80 से 90 प्रतिशत तक पद रिक्त, बड़ी संख्या में बच्चों के 12वीं तक शिक्षा पूरी नहीं कर पाने और कॉलेज तक नहीं पहुंच पाने जैसी गंभीर समस्याओं पर चर्चा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े इन सवालों का जवाब देना चाहिए। बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सवाल क्यों उठते हैं, इस पर सरकार को जवाब देना चाहिए। व्यापमं, पीएससी , पटवारी परीक्षा और सिपाही भर्ती सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
Created On :   22 Sept 2026 12:40 AM IST











