मध्य प्रदेश: मंत्री भूपेंद्र सिंह के इस्तीफे की मांग को लेकर अब आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

मध्य प्रदेश: मंत्री भूपेंद्र सिंह के इस्तीफे की मांग को लेकर अब आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन
कार्यकर्ताओं ने मंत्री भूपेंद्र सिंह और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अब आम आदमी पार्टी ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया। 10 नंबर मार्केट चौराहे पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट हुए और उन्होंने आय से अधिक संपत्ति के मामले में मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ चल रही लोकायुक्त की जांच को लेकर केस दर्ज करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के इस्तीफे की भी मांग की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


आप की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मनीक्षा तोमर ने कहा कि मामले में लोकायुक्त मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराए और मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह मंत्री पद पर रहकर जांच प्रभावित कर सकते हैं।

आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आखिर मंत्री भूपेंद्र सिंह के पास ऐसी कौन सी जादू की छड़ी है, जिससे उनकी संपत्ति केवल 10 सालों में ही कई गुना बढ़ गई है। मंत्री भूपेंद्र सिंह वो तरकीब प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को क्यों नहीं बताते जो रोजगार न मिलने से परेशान हैं।


मनीक्षा सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में मंत्री, विधायक, भाजपा नेता दोनों हाथों से सरकारी खजाने को लूटने में लगे हुए हैं। मध्य प्रदेश में गरीब और गरीब होता जा रहा है लेकिन मंत्रियों, विधायकों की संपत्ति कई गुना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि अपने मंत्रियों की संपत्तियों का ब्यौरा मांगे और जनता के सामने रखे और बताए कि आखिर सत्ता में रहकर उनकी संपत्ति में कितना इजाफा हुआ। यकीन मानिए प्रदेश के सारे मंत्रियों की संपत्ति में बेतहाशा बढ़ोतरी नजर आएगी।


आधा दर्जन कांग्रेसियों पर प्रकरण दर्ज

इधर राजधानी भोपाल में शुक्रवार को युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में दर्जनों युवा कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के बंगले का घेराव किया था। मंत्री भूपेंद्र के इस्तीफे की मांग लेकर युवा कांग्रेस ने उनके आवास के बाहर जमकर नारेबाजी भी की। इसके बाद देर रात को हबीबगंज थाने में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे विवेक त्रिपाठी समेत भोपाल जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष प्रकाश चौकसे, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, आकाश चौहान और अन्य कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया।

Created On :   10 Jun 2023 1:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story