मध्य प्रदेश चुनाव 2023: महिलाओं को ठगने का षड्यंत्र किया है भाजपा ने, झूठे विज्ञापन संकल्प पत्र में नहीं - सज्जन सिंह वर्मा

महिलाओं को ठगने का षड्यंत्र किया है भाजपा ने, झूठे विज्ञापन संकल्प पत्र में नहीं - सज्जन सिंह वर्मा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा के संकल्प पत्र जारी होने के बाद भाजपा पर महिलाओं को ठगने का षड्यंत्र करने का आरोप लगाया। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा ने अपने विज्ञापनों में लाडली बहन को 3000 रुपया महीना देने की झूठी बात लिखी है, लेकिन भाजपा ने इस बात का जिक्र अपने संकल्प पत्र में नहीं किया। साथ ही 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का जो झूठा प्रचार भाजपा कर रही है, उसका लाभ भी सभी महिलाओं को नहीं देने वाले, वह भी सिर्फ उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को ही देंगे। यह सीधे-सीधे प्रदेश की महिलाओं को ठगने का भाजपा का षड्यंत्र है। आने वाले चुनाव में हमारे प्रदेश की बहन और बेटियां भाजपा सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएंगी।

भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सरकार के कुछ ही दिन बचे

सज्जन सिंह वर्मा ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा, सोनकच्छ में जनसंपर्क के दौरान सज्जन सिंह वर्मा ने क्षेत्रवासियों से चर्चा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सरकार के अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। प्रदेश की जनता इस भ्रष्टाचारी सरकार को आगामी 17 नवंबर को उखाड़ फेंकेगी।

सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि गांव-गांव में भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा है, सबसे ज्यादा प्रदेश के किसान सरकार के रवैये से परेशान है। लगातार प्रदेश का किसान कर्ज में डूबता गया, लेकिन इस निर्दयी सरकार को कोई रहम नहीं आया। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ-साथ हमारे किसानों के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवा भी सरकार के खिलाफ है, प्रदेश में लगातार बेरोजगारी बढ़ती गई। हमारा नौजवान प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस भरता रहा, परीक्षा देता रहा लेकिन उसे रोजगार नहीं मिला।

Created On :   11 Nov 2023 3:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story