मध्यप्रदेश: मध्यप्रदेश में प्रति वर्ष होगा मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्यप्रदेश में प्रति वर्ष होगा मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • ट्रेवल मार्ट में मिले 3665 करोड़ रूपये से भी अधिक के निवेश प्रस्ताव
  • मध्यप्रदेश ट्रेवल मार्ट में सहभागिता ने दिया वैश्विक संदेश
  • फिल्मी हस्तियों ने भी की शिरकत, हुए अनेक एमओयू

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यटन क्षेत्र को आगे बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। मध्यप्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने के लिए नीतियां निर्धारित की गई हैं। ट्रैवल मार्ट पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इस तरह का ट्रैवल मार्ट प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव तीन दिवसीय मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ट्रैवल मार्ट में 3 हजार 665 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जो इस आयोजन के पहले ही दिन की सफलता का प्रमाण हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह ट्रैवल मार्ट मध्यप्रदेश के पर्यटन की विशेषताओं को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करने का जीवंत प्रमाण हैं। ट्रैवल मार्ट में 27 देशों की भागीदारी इसे वैश्विक आयोजन का दर्जा दे रही है। पर्यटन के माध्यम से विकास का प्रकाश प्रदेश के हर कोने तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव की अभिनव श्रृंखला प्रारंभ की गई जो उद्योग और रोजगार वर्ष में प्रत्येक संभाग के पश्चात सेक्टर वार आयोजन में परिवर्तित हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में एक वर्ष में डॉ. वाकणकर वन्य प्राणी अभ्यारण्य और माधव नेशनल पार्क प्रारंभ हुए हैं। माण्डव में रानी रूप और बाजबहादुर के प्रेम के प्रतीक स्मारक हैं। उज्जैन में बाबा महाकाल के साथ अनेक देवी-देवताओं की जीवंत प्रतिमाएं हैं। प्रदेश में भीमबेटका, सांची और खजुराहो जैसी विश्व धरोहर हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मार्ट से युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। मध्यप्रदेश में प्लेन की तरह हेलीकॉप्टर सर्विस भी पर्यटन क्षेत्र में प्रारंभ होगी। नए अनुबंधों से पुरातत्व और पर्यटन विभाग मिलकर कार्य करेंगे। रायसेन के किले के भ्रमण के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण का सहयोग लिया जाएगा, क्योंकि अनेक स्मारक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण भारत सरकार के अधीन हैं।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने प्रदेश की अनेक पर्यटन विशेषताएं बताई। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में वन्य जीवन, इतिहास पुरातत्व के साथ पर्यटन सुविधा बढ़ाई जा रही हैं। प्रदेश में सशक्त अधोसंरचना है। प्रदेश में आठ एयरपोर्ट हैं। इसके साथ ही 230 हेलीपैड भी हैं। कम समय में अधिक से अधिक स्थानों पर पहुंचा जा सकता है। विभिन्न धार्मिक पर्यटन के स्थानों में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। होटल व्यवसाय और रहवास व्यवस्थाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। डेढ़ वर्ष में पर्यटन क्षेत्र में तेजी से कार्य हुआ है। हेल्थ टूरिज्म के बारे में भी मध्य प्रदेश सरकार गंभीर है। प्रदेश में 13 मेडिकल कॉलेज लोकार्पित हुए हैं। राज्य के नागरिकों के साथ अन्य स्थानों के लोग भी उपचार के लिए मध्य प्रदेश आया करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के गौरवशाली अतीत से भी सबको परिचित करवाने के लिए ट्रेवल मार्ट का आयोजन हर वर्ष होगा। इसका आयोजन प्रत्येक वर्ष 11 से 13 अक्टूबर को भोपाल में इसी स्थान पर किया जाएगा। यह आयोजन हमे और आपके हर बार मिलने का स्थल बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार 30 प्रतिशत अनुदान उद्योगों को दे रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में एकमात्र राज्य मध्यप्रदेश है जो आयुष्मान कार्ड के माध्यम से एयर एंबुलेंस की सुविधा दे रहा है। हेल्थ टूरिज्म के सेक्टर में निवेशको से आगे आने का आव्हान किया।

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से ट्रैवल मार्ट के शुभारंभ के पूर्व पर्यटन और उद्योग जगत के प्रमुख लोगों ने भेंट की। मुख्य रूप से फिल्म और टीवी सीरियल प्रोड्यूसर एकता कपूर ,आर्टिस्ट रघुवीर यादव गजराज राव आदि शामिल हैं। अनुबंध के अवसर पर मध्य प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, मुख्य सचिव अनुराग जैन एक्टर रघुवीर यादव, अपर मुख्य सचिव संस्कृति और पर्यटन शिव शेखर शुक्ला, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चितरंजन त्रिपाठी भारत सरकार के संयुक्त सचिव गुरमीत चावला आदि उपस्थित थे।

"रचनात्मकता का पावर हाउस म.प्र"

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है जिसका श्रेय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को है। उन्होंने इस ट्रैवल मार्ट की पहल और देश-विदेश के इस क्षेत्र के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया। मध्य प्रदेश रचनात्मकता से ओत प्रोत एक पावर हाउस है। यह बहुत महत्वपूर्ण आयोजन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यटन क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। मंत्री शेखावत ने पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के फलस्वरुप हुई आर्थिक प्रगति और विभिन्न सूचकांक में आए सकारात्मक परिवर्तन का विस्तार से उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि जन भागीदारी के साथ स्थानीय समुदाय का सहयोग लेते हुए और विरासत का संरक्षण करते हुए विकास के प्रयास किया जा रहे हैं। मध्यप्रदेश की पर्यटन नीति अनेक राज्यों से बेहतर है। केंद्र सरकार द्वारा किए गए जीएसटी रिफॉर्म्स के बाद मध्य प्रदेश की पर्यटन नीति अधिक सफल हो जाएगी। मध्य प्रदेश एक मॉडल बन चुका है जहां प्रकृति का वरदान भी है। फिल्म नीति के मामले में मध्य प्रदेश सबसे आगे है। यहां लगभग 300 फिल्मों और वेब सीरीज का निर्माण हुआ है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में मध्य प्रदेश पर्यटन के माध्यम से भी विशेष सहयोग देगा।

मुख्यसचिव अनुराग जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश में 18 उपयोगी नीतियां निवेश संवर्धन में सहयोगी बन रही हैं। प्रदेश के तीन स्थायी विश्व धरोहर स्मारक और अन्य श्रेणी के स्मारकों को मिलाकर 18 विश्व धरोहर स्मारक हो जाएंगे। घुघुवा में अपने किस्म का विशिष्ट जीवाश्म पार्क है। प्रदेश में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं। देश सर्वाधिक नेशनल पार्क मध्यप्रदेश में हैं। आगामी 2028 में अंतर्राष्ट्रीयसय आयोजन सिंहस्थ होने जा रहा है, इसके साथ ही वर्ल्ड रोज कन्वेंशन (विश्व गुलाब सम्मेलन) भोपाल में प्रस्तावित है, जिसमें दुनिया भर के लगभग 700 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। भोपाल में प्रति वर्ष रोज शो आयोजित होता है। मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण राज्य बनेगा। शुभारंभ सत्र में फिल्म मेकर सु एकता कपूर, प्रख्यात फिल्म अभिनेता रघुवीर यादव और अन्य देशों के प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इनमें स्पेनिश फिल्म कमीशन राजा मोलिना भी शामिल हैं।

ट्रैवल मार्ट में हुआ अनुबंध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री शेखावत की उपस्थिति में बालाजी टेली फिल्म की सु एकता कपूर और अपर मुख्य सचिव मध्य प्रदेश शासन शिव शेखर शुक्ला के मध्य अनुबंध हुआ, जिसमें बालाजी टेली फिल्म आगामी 5 वर्ष में मध्य प्रदेश में 50 करोड रुपए की लागत से फिल्मों और वेब सीरीज का निर्माण किया जाएगा।

टीवीसी "द सितारिस्ट" हुआ लॉन्च

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एमपी टूरिज्म के नए टीवीसी "द स्टारिस्ट" को लॉन्च किया। यह टीवीसी दर्शकों को प्रदेश की आत्मा को महसूस करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है। इस फिल्म में विश्वप्रसिद्ध सितार वादक और भारत रत्न पंडित रवि शंकर की सुपुत्री, अनुष्का शंकर, अपनी जड़ों से जुड़ते हुए मध्यप्रदेश को अपनी नज़रों से प्रस्तुत करती हैं।

लेटर ऑफ अवार्ड

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दो बड़ी परियोजनाओं के लिए इंदौर ट्रेजर टाउन प्रा.लि. को लेटर ऑफ अवार्ड प्रदान किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में लगभग ₹386 करोड़ का निवेश होगा। पहली परियोजना विश्व धरोहर स्थल साँची के निकट, रायसेन जिले के ग्राम नीनोद में स्थापित की जाएगी। यहाँ 70.707 हेक्टेयर भूमि पर पर्यटन संबंधी गतिविधियों के विकास के लिए ₹246 करोड़ का निवेश किया जाएगा। दूसरी परियोजना खंडवा जिले में स्थित इंदिरा सागर जलाशय के सुरम्य नजरपुरा आइलैंड पर 17.57 हेक्टेयर भूमि पर ₹140 करोड़ की लागत से एक अद्वितीय रिसॉर्ट विकसित किया जाएगा।

महत्वपूर्ण एमओयू

एमपी टूरिज्म बोर्ड ने Balaji Telefilms के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी के तहत एमओयू पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत कंपनी अगले पांच वर्षों में राज्य में वेब सीरीज, फिल्म, शॉर्ट फिल्म और डॉक्यूमेंट्री निर्माण के लिए कम से कम ₹50 करोड़ का निवेश करेगी। प्रदेश में बर्ड टूरिज़्म को बढ़ावा देने के लिए बंगलौर की अतावी बर्ड फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन का आदान प्रदान किया गया। यह पहल राज्य में इको-टूरिज़्म और एडवेंचर टूरिज़्म को नई दिशा देगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थित में मध्यप्रदेश पर्यटन ने अपने डिजिटल प्रचार अभियान को गति देने के लिए देश के प्रतिष्ठित ट्रैवल, फूड और लाइफस्टाइल प्लेटफॉर्म 'कर्ली टेल्स' के साथ अनुबंध किया गया। इसके साथ ही हनुवंतिया, तामिया मांडू को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने हेतु टैट सिटी स्थापित किए जाने के लिए M/s Ease my Trip के साथ अनुबंधन किया गया। इसके अतिरिक्त ओरछा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने हेतु टेंट सिटी स्थापित किए जाने हेतु Ms. Aagman India Travel का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों, धार्मिक स्थलो, राष्ट्रीय उ‌द्यानों के मध्य सुलभ हवाई सेवा प्रदान करने के लिए राज्य के भीतर तीन सेक्टरों में प्रादेशिक हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाय करने की शुरुआत की गई।

Created On :   12 Oct 2025 12:57 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story