मध्य प्रदेश न्यूज: ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण की बहाली के लिए महासभा करेगी चरणबद्ध आंदोलन

ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण की बहाली के लिए महासभा करेगी चरणबद्ध आंदोलन
मध्य प्रदेश में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर मंगलवार को ओबीसी महासभा ने ऐलान किया है कि आरक्षण के लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर ओबीसी महासभा ने ऐलान किया है कि आरक्षण के लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। 15 अक्टूबर को जिलों में ज्ञापन दिए जाएंगे, 28 अक्टूबर को संभागों में प्रदर्शन होगा और नवंबर में राजधानी भोपाल में आंदोलन की तैयारी है। महासभा ने कहा कि ओबीसी के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और 27% आरक्षण की बहाली के लिए चरणबद्ध प्रदेशव्यापी आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक न्याय दिलाने के लिए ठोस कानूनी एवं नीतिगत कदम नहीं उठा लिए जाते हैं। ओबीसी महासभा के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य लोकेंद्र गुर्जर ने वीडियो संदेश के माध्यम से आंदोलन की रूपरेखा घोषित की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथियों एवं पदाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत जिला स्तर से शुरुआत करते हुए संभाग स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे और इसके बाद राजधानी भोपाल में व्यापक जनआंदोलन आयोजित किया जाएगा।

इधर, मप्र महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद की प्रदेश उपाध्यक्ष विभा पटेल ने भाजपा सरकार पर ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर दोहरे चरित्र और पिछड़ा वर्ग के साथ छल का आरोप लगाया। कहा है कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की पक्षधर है, तो उसे तत्काल कानूनी अड़चनों को दूर कर स्टे लेना चाहिए और मजबूती से पैरवी करनी चाहिए। इस मामले में सरकार की नीयत साफ है तो वह बयानबाजी के बजाय ठोस वैधानिक कदम उठाए।

तीन चरणों में होगा आंदोलन

  • प्रथम चरण- 15 अक्टूबर को जिला स्तर पर ज्ञापन दिए जाएंगे। इसमें जिलों में महासभा के नेतृत्व में प्रदर्शन ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके जरिए 27% ओबीसी आरक्षण की बहाली और 13% होल्ड से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत व ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई जाएगी।
  • दूसरा चरण 28 अक्टूबर को संभाग स्तर पर धरना-प्रदर्शन से होगा। सभी संभागों में धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इस चरण में ओबीसी वर्ग के युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
  • तृतीय चरण के तहत नवंबर में भोपाल में प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। इसमें लाखों लोगों की भागीदारी रहेगी। इसकी तैयारी की जा रही है।

Created On :   14 Oct 2026 11:22 PM IST

Tags

Next Story