MP News: किशोर दा की याद में सजा सम्मान समारोह, CM मोहन यादव ने खंडवा के गौरव को किया नमन

किशोर दा की याद में सजा सम्मान समारोह, CM मोहन यादव ने खंडवा के गौरव को किया नमन
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महान गायक और अभिनेता किशोर कुमार को याद करते हुए कहा कि उनकी अमर आवाज और सदाबहार गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महान गायक और अभिनेता किशोर कुमार को याद करते हुए कहा कि उनकी अमर आवाज और सदाबहार गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। किशोर कुमार की जन्मभूमि खंडवा की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश का सौभाग्य है कि किशोर दा जैसे बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार का संबंध मध्यप्रदेश से रहा।

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री ने किशोर कुमार को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि किशोर दा के गीतों में जीवन-दर्शन झलकता है। 'रोते-रोते हंसना सीखो, हंसते-हंसते गाना' जैसे गीत जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी प्रसन्न रहने की प्रेरणा देते हैं। 'दूध जलेबी खाएंगे, खंडवा में बस जाएंगे' गीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह आज भी लोगों में अपनापन और आनंद जगाता है।

रघुवीर यादव की प्रतिभा को सराहा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से सम्मानित किए जा रहे अभिनेता रघुवीर यादव को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रघुवीर यादव ने रंगमंच से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है। 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने', 'लगान' और वेब सीरीज 'पंचायत' में उनके अभिनय ने दर्शकों के बीच विशेष पहचान बनाई है। फिल्म 'पीपली लाइव' में उनके उत्कृष्ट अभिनय का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी विशिष्ट आवाज और सहज अभिनय शैली को भारतीय सिनेमा की अमूल्य धरोहर बताया।

धार्मिक पर्यटन और हवाई संपर्क पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा की सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने रघुवीर यादव को भोपाल आने का आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि किशोर कुमार के गीत और उनकी आवाज आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने रघुवीर यादव के स्वस्थ, यशस्वी और निरंतर सक्रिय रहने की कामना करते हुए उनके सम्मान में उपस्थित लोगों से जोरदार तालियों के साथ अभिनंदन करने का आह्वान किया।

Created On :   14 Oct 2026 12:33 AM IST

Tags

Next Story