Bhopal News: अब ताप्ती और कागपुर कंजर्वेशन रिजर्व एवं टाइगर कारीडोर में प्रवेश शुल्क से होगी सफारी

अब ताप्ती और कागपुर कंजर्वेशन रिजर्व एवं टाइगर कारीडोर में प्रवेश शुल्क से होगी सफारी
राज्य सरकार ने एक साल पहले 20 अगस्त 2025 को बैतूल जिले के वन वृत्त बैतूल के दक्षिण एवं पश्चिम सामान्य वनमंडल एवं तहसील बैतूल, भीमपुर व भैंसदेही के अंतर्गत 250 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को ताप्ती कंजरवेशन रिजर्व के रुप में घोषित किया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राज्य सरकार ने एक साल पहले 20 अगस्त 2025 को बैतूल जिले के वन वृत्त बैतूल के दक्षिण एवं पश्चिम सामान्य वनमंडल एवं तहसील बैतूल, भीमपुर व भैंसदेही के अंतर्गत 250 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को ताप्ती कंजरवेशन रिजर्व के रुप में घोषित किया है जबकि 25 अगस्त 2026 को विदिशा जिले के अंतर्गत भोपाल वन वृत्त के विदिशा वनमंडल की तहसील विदिशा के ग्राम कागपुर एवं ग्राम गढ़ला के जलीय क्षेत्र 0.535 वर्ग किलोमीटर को कागपुर पक्षी कंजर्वेशन रिजर्व घोषित किया है तथा अब इसमें पर्यटकों को सफारी कराने पर प्रवेश शुल्क लिया जायेगा। यही व्यवस्था करीब आधा दर्जन चिन्हित टाइगर कारीडोर में सफारी कराने पर रहेगी।

फिलहाल प्रदेश में 4 मुख्य टाइगर रिजर्व को जोड़ने के लिए एक बड़ा टाइगर टूरिज्म कॉरिडोर चिन्हित किया गया है जिनमें शामिल हैं : बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (उमरिया), कान्हा टाइगर रिजर्व (मंडला-बालाघाट), पन्ना टाइगर रिजर्व (पन्ना-छतरपुर) एवं पेंच टाइगर रिजर्व (छिंदवाड़ा-सिवनी)। उल्लेखनीय है कि राज्य में प्रमुख टाइगर रिजर्व को आपस में जोड़ने और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की लागत से टाइगर टूरिज्म कॉरिडोर (लगभग 625 किमी का सड़क मार्ग) विकसित करने की योजना पर कार्य चल रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर एनटीसीए द्वारा देश में 32 प्रमुख टाइगर कॉरिडोर चिन्हित किए गए हैं।

इसके अलावा, अब देवास एवं सीहोर जिले में आने वाले खिवनी अभ्यारण्य में भ्रमण हेतु पर्यटकों को ज्यादा प्रवेश शुल्क देना होगा क्योंकि यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी वृध्दि हो गई है तथा यह शुल्क प्रति सौ रुपये पर 50 रुपये के स्थान पर 80 रुपये होगा। कुछ अन्य वन क्षेत्रों जैसे मंडला जिले में कान्हा टाइगर रिजर्व का बफर क्षेत्र फेन अभ्यारण्य में भी इसी प्रकार प्रवेश शुल्क बढ़ाया जा रहा है। इसके लिये राज्य के वन मुख्यालय ने तैयारी प्रारंभ कर दी है।

Created On :   14 Oct 2026 10:57 PM IST

Tags

Next Story