Bhopal News: अजहर इकबाल से कर्नल संजय चतुर्वेदी तक, कवियों की रचनाओं ने जीता दिल

अजहर इकबाल से कर्नल संजय चतुर्वेदी तक, कवियों की रचनाओं ने जीता दिल
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में हिन्दी परिवार के तत्वावधान में आयोजित MCU महोत्सव-2026 साहित्य, संगीत और संस्कृति के रंगों के बीच संपन्न हुआ।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में हिन्दी परिवार के तत्वावधान में आयोजित MCU महोत्सव-2026 साहित्य, संगीत और संस्कृति के रंगों के बीच संपन्न हुआ। गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने की। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। हिन्दी परिवार के संस्थापक ओमकार अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत किया।

महोत्सव में प्रख्यात कवि अजहर इकबाल, मणिका दुबे, रामायण धर द्विवेदी, सूरज राय सूरज और कर्नल संजय चतुर्वेदी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

अजहर इकबाल ने अपनी पंक्तियों, “ख़ुद तुम्हें दुर्गा के अवतार में ढलना होगा, घोर कलियुग है, कन्हैया नहीं आने वाला” के माध्यम से श्रोताओं को संदेश दिया। मणिका दुबे की पंक्तियां, “शहर के शोर में वीरानियां हैं, यहां तुम हो मगर तन्हाइयां हैं” ने श्रोताओं को भावविभोर किया।

रामायण धर द्विवेदी ने रामभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियां “व्यग्रता, अवसाद, पीड़ा सब हरेंगे राम जी” प्रस्तुत कीं। सूरज राय सूरज की रचना “जिस मंदिर से भीख में मांगा था बेटा, भीख मांगती है अब मां उस मंदिर में” ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। वहीं, कर्नल संजय चतुर्वेदी ने कहा, “तैरने को समुद्र नहीं चाहिए, उड़ने वालों को अंबर नहीं चाहिए।”

कार्यक्रम में युवा कवि रामायण धर द्विवेदी का जन्मदिन भी मनाया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, वाद्ययंत्र, रैंप वॉक, अभिनय और बैंड की प्रस्तुतियों से महोत्सव में रंग भरे।

हिन्दी परिवार के संस्थापक ओमकार अवस्थी ने आयोजन की सफलता के लिए कवियों, अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उद्यांश पांडे ने किया। इस अवसर पर अभिषेक राणा, मुस्कान शर्मा, यश, अन्वेय, सक्षम, राजवीर, प्रियांशी और हर्ष सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Created On :   14 Oct 2026 11:30 PM IST

Tags

Next Story