- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- स्कॉर्पियो में शातिर तरीके से छिपाए...
मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो में शातिर तरीके से छिपाए 1.29 करोड़ रुपये, MP में सरपंच के घर दबिश, मैकेनिक ने निकाले नोटों के बंडल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले की पुलिस ने बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो कार से 1 करोड़ 29 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने सरपंच समेत उत्तर प्रदेश के दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को आशंका है कि जब्त की गई नकदी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। शामगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम बरखेड़ा उदा में दबिश देकर इस मामले का खुलासा किया।
सरपंच के घर पुलिस ने दी दबिश
मुखबिर ने पुलिस को बताया था कि शामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा उदा के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर उत्तर प्रदेश से दो व्यक्ति पहुंचे हैं। वे बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो कार से आए थे। इसके बाद वाहन को सरपंच के घर बने बाड़े में छिपाकर रख दिया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कार से आए लोग अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के धंधे में शामिल हो सकते हैं और उसी गाड़ी में अवैध कमाई की भारी नकदी छिपाकर लाए होंगे। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान स्कॉर्पियो कार के पास तीन व्यक्ति खड़े मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़े -इंदौर के प्रधान आरक्षक की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा, देवास से लेकर इंदौर तक लोकायुक्त ने की छापेमारी
पुलिस ने मैकेनिक की ली मदद
दबिश के बाद पुलिस तीनों व्यक्तियों और वाहन को अपने कब्जे में लेकर शामगढ़ थाने पहुंची। गाड़ी की सघन जांच के लिए मैकेनिक को बुलाया गया। उसने स्कॉर्पियो कार के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली। इस दौरान बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखे गए नोटों के बंडल मिले। कार से पुलिस ने कुल 1 करोड़ 29 लाख रुपये बरामद किए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने नोटों के बंडलों को छिपाने के लिए विशेष इंतजाम किए थे, लेकिन पुलिस ने उनकी कोशिश नाकाम कर दी।
हिरासत में यूपी के दो व्यक्ति
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो व्यक्ति उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि एक स्थानीय ग्राम पंचायत का सरपंच है। आरोपियों की पहचान भवानीशंकर पिता प्रभुराम मीणा (49), निवासी ग्राम बरखेड़ा; मोहम्मद इस्लाम (47), पिता मोहम्मद वसीम, निवासी प्रतापपुर जीवनसहाय, जिला बरेली, और सूर्य प्रकाश (59), पिता कृष्ण सरूप गंगवार, निवासी सेंट्रल एस्टेट कॉलोनी, जिला बरेली के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Created On :   15 Oct 2026 12:29 AM IST














