MP News: दतिया उपचुनाव से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, पूरे इलाके में धारा-163 लागू, रैली-सभा और भीड़ पर सख्त रोक

दतिया उपचुनाव से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, पूरे इलाके में धारा-163 लागू, रैली-सभा और भीड़ पर सख्त रोक
नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद से दतिया में बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। इसी के तहत पूरे दतिया अनुभाग में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 लागू कर दी गई है। यह आदेश 10 जुलाई की रात 9 बजे से अगले आदेश तक लागू रहेगा। प्रशासन का कहना है कि चुनाव के दौरान शांति बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल देना सबसे जरूरी है। यही वजह है कि कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। बिना अनुमति कोई रैली, जुलूस या प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। अधिकारियों ने लोगों से सभी नियमों का पालन करने और किसी भी तरह का माहौल खराब न करने की अपील की है।

उपचुनाव के दौरान क्या-क्या रहेगा बंद?

एसडीएम के आदेश के अनुसार, अब बिना प्रशासन की अनुमति कोई सभा, रैली, जुलूस या प्रदर्शन नहीं होगा। पांच या उससे ज्यादा लोग एक जगह इकट्ठा नहीं हो सकेंगे। सार्वजनिक जगहों पर तलवार, भाला, चाकू, लाठी और दूसरे हथियार लेकर चलने पर भी रोक रहेगी।

सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर, भाषण या नारों के जरिए ऐसा कोई संदेश नहीं फैलाया जा सकेगा जिससे विवाद हो या शांति बिगड़े। बिना अनुमति लाउडस्पीकर और दूसरे तेज आवाज वाले उपकरण चलाने की भी इजाजत नहीं होगी।

प्रशासन ने सख्ती क्यों बढ़ाई?

प्रशासन ने बताया कि 10 जुलाई की रात झांसी-ग्वालियर हाईवे पर चक्का जाम हुआ था। इससे करीब 15 से 20 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया था। इस दौरान कुछ जगह वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं भी हुई थीं। ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसलिए यह फैसला लिया गया है।

कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस, होमगार्ड, सीआरपीएफ और ड्यूटी पर तैनात सरकारी अधिकारियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।

क्या है मामला?

आपको बता दें कि, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर बीजेपी ने उनकी जगह युवा नेता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इसी फैसले से नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया है। समर्थकों का कहना है कि पार्टी को उनका टिकट नहीं काटना चाहिए था, इसलिए कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है।


Created On :   11 July 2026 11:11 AM IST

Tags

Next Story