Bankipur By-Election: बीजेपी प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने पर प्रशांत किशोर की आई प्रतिक्रिया, कहा- पहली ही लड़ाई में उम्मीदवार भागा

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के बांकीपुर विधानसभा से BJP के प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार बना दिया है। इस पर जन सुराज पार्टी के चीफ प्रशांत किशोर की पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी हम से डर गई है।
प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने पर जन सुराज पार्टी ने क्या कहा?
जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा, "जन सुराज के लिए बहुत ही अच्छी खबर है। हम लोगों ने कहा था कि प्रशांत किशोर जी के चुनाव लड़ने से बिहार की राजनीति नई दिशा में जाएगी। आज उसकी परिणीति सामने है। बीजेपी के एनडीए समर्थित उम्मीदवार ने अपने नामांकन को वापस लिए जाने की घोषणा की। ये कहीं न कहीं बांकीपुर की जनता का विशेष रूप से आभार है।"
इसके आगे उन्होंने कहा, "जैसा जन समर्थन, जैसा प्यार और दुलार विगत दो महीने में प्रशांत किशोर और उनकी उम्मीदवारी की घोषणा के बाद जनता ने दिया है, ये कहीं न कहीं उसका परिणाम है कि आज विश्व की सबसे पार्टी, भारत की सबसे बड़ी पार्टी और बिहार की सबसे बड़ी पार्टी के उम्मीदवार को अपना नामांकन वापस लेना पड़ा है। हम पुन: बांकीपुर की महान जनता को इसका पूरा श्रेय देते हुए उनका आभार व्यक्त करते हैं। जन सुराज बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही है। हमने बार-बार कहा था कि बांकीपुर का चुनाव विधायक बनाने या सरकार बनाने का चुनाव नहीं है। ये सात महीने के सम्राट सरकार के निरंकुश शासन के विरुद्ध दिया जाने वाला जनादेश है।"
अभिषेक कुमार ने अपना नामांकन क्यों लिया वापस?
अभिषेक कुमार सिन्हा ने चुनाव न लड़ने की वजह अभी नहीं बताई है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को इस बारे में पत्र लिख कर जानकारी दे दी है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ेगे और पार्टी कार्यकता के रूप में काम करते रहेंगे।
कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?
नीरज कुमार सिन्हा 32 साल के हैं और उन्होंने BA तक की पढ़ाई की है। साल 2006 में उन्होंने BJP ज्वाईन की और बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जैसे पदों पर रहें। BJP के इस फैसले के बाद बांकीपुर उपचुनाव काफी दिलचस्प हो गया है।
Created On :   10 July 2026 8:27 PM IST












