- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- प्रदेश के दिव्यांगजनों को मदद देने...
MP News: प्रदेश के दिव्यांगजनों को मदद देने बनी 32 करोड़ की राज्य निधि

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र सामाजिक न्याय विभाग ने प्रदेश के दिव्यांगजनों को विभिन्न गतिविधियों में मदद देने के लिये 32 करोड़ रुपये की राज्य निधि बनाई है तथा इस राशि के ब्याज से सहायता राशि दी जायेगी। यह राशि निर्धन व्यक्तियों के लिये पहले से बनी निराश्रित निधि से ली गई है।
इस नवनिर्मित राज्य निधि से प्रदर्शनी, सेमिनार, कला, खेल, राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं हेतु मान्यता प्राप्त अशासकीय संस्था को प्रतिवर्ष मेरिट के आधार पर 5 लाख रुपये, पैरालंपिक खेलों हेतु खिलाड़ी, कोच एवं सहयोगियों पर होने वाले विभिन्न व्ययों हेतु राज्य स्पर्धा हेतु 1 लाख रुपये, राष्ट्रीय स्पर्धा हेतु 2 लाख रुपये एवं अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धा हेतु 5 लाख रुपये अनुदान के रुप में दिये जायेंगे। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्तर के खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर 3 लाख रुपये, रजत पदक जीतने पर 2 लाख रुपये एवं कांस्य पदक जीतने पर 1 लाख रुपये प्रोत्साहन स्वरुप दिये जायेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर यह प्रोत्साहन राशि क्रमश: 10 लाख रुपये, 7 लाख रुपये एवं 5 लाख रुपये होगी। इसी प्रकार, परिवार की 8 लाख रुपये तक सालाना आय होने पर दिव्यांगजनों को विशेष उपकरणों की मरम्मत हेतु 10 लाख रुपये प्रति हितग्राही दिये जायेंगे। शोध पत्र प्रस्तुत एवं नवाचार करने पर करने हेतु 5-5 लाख रुपये एक शोधर्थी/दिव्यांगजन को एक बार दिये जायेंगे। इन सभी राशियों को प्राप्त करने के लिये विभागीय पोर्टल पर आवेदन करना होगा। अंतर्राष्ट्रीय यात्रा पर इकोनामिक क्लास का हवाई टिकट दिया जायेगा एवं होटल किराये हेतु 10 हजार रुपये प्रतिदिन दिया जायेगा।
Created On :   19 Jun 2026 10:21 PM IST













