- Home
- /
- कन्हान नदी में फिर बढ़ी फ्लाई ऐश की...
कन्हान नदी में फिर बढ़ी फ्लाई ऐश की मात्रा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। खापरखेड़ा थर्मल पॉवर स्टेशन (केटीपीएस) की लापरवाही शहरवासियों की जान पर भारी पड़ती दिख रही है। खापरखेड़ा पॉवर प्लांट की फ्लाई ऐश का कन्हान नदी में बहना जारी है। शनिवार से मात्रा फिर से बढ़ने की जानकारी है। कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र का पंपिंग स्टेशन बंद करने की नौबत आ सकती है। ऐसे में उत्तर और दक्षिण नागपुर को जलसंकट का सामना करना पड़ सकता है। a
गहराती जा रही है समस्या : सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट संस्था ने सर्वे कर खापरखेड़ा थर्मल पॉवर स्टेशन की खामियों को उजागर करते हुए केटीपीएस की पाइपलाइन से फ्लाई ऐश लीकेज होने का खुलासा किया है। संस्था की अध्यक्ष लीना बुद्धे ने मनपा आयुक्त राधाकृष्णन बी. को पत्र लिखकर बताया कि खापरखेड़ा केंद्र से ही पाइपलाइन में लीकेज है। इससे ऐश बहकर कोलार नदी के जरिए कन्हान नदी में घुल रही है। यहीं नहीं, केटीपीएस का वारेगांव का फ्लाई एेश तालाब ओवरफ्लो होकर बह रहा है। इस कारण कन्हान नदी में फ्लाई ऐश को रोक पाना संभव नहीं। यही स्थिति रही तो कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र को बंद करने की नौबत आ सकती है।
8 महीने पहले भी ध्यान दिलाया था : सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट ने नवंबर में कोराड़ी और खापरखेड़ा पॉवर स्टेशन और उसके पास के इलाकों का दौरा किया था। उसी समय संस्था ने यह खुलासा किया था कि खापरखेड़ा और कोराड़ी से निकली वाली फ्लाई एेश नदी में बह रही है।
Created On :   25 July 2022 10:47 AM IST