नागपुर में वैक्सीनेशन करवाने वालों की संख्या में गिरावट, ये है बड़ी वजह

Number of people getting vaccination decreased in Nagpur
नागपुर में वैक्सीनेशन करवाने वालों की संख्या में गिरावट, ये है बड़ी वजह
नागपुर में वैक्सीनेशन करवाने वालों की संख्या में गिरावट, ये है बड़ी वजह

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  शहर में वैक्सीनेशन करवाने वालों की संख्या घटने लगी है। पहले जहां एक दिन में 15 हजार से अधिक लोग वैक्सीनेशन करवाते थे, अब यह संख्या 3 हजार से भी कम हो चुकी है। 16 जनवरी को वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। उस समय शहर के सभी 100 से अधिक केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने वालों की कतारें लगी रहती थीं, लेकिन मई महीने से केंद्रों पर आने वालों की संख्या कम हो गई है, जबकि इस समय पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। 

स्टॉक के आधार पर केंद्रों की संख्या : सरकार ने 16 जनवरी से वैक्सीनेशन की शुरुआत की थी। शहर में भी इसी दिन से शुरुआत हुई थी। शुरु के कुछ दिन तक वैक्सीनेशन तेज गति से हुआ। बाद में वैक्सीन की कमी हाेने से गति धीमी हो गई। इसके बाद वैक्सीन के स्टॉक के आधार पर केंद्रों की संख्या घटाई-बढ़ाई जाने लगी। अब वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद केंद्रों पर कम लोग वैक्सीन लगवाने आ रहे हैं।

लोगों के बीच भ्रम : वैक्सीनेशन अभियान को गति देने के लिए समाज भवन, मंदिर, स्कूल, सरकारी अस्पतालों में केंद्र शुरू किए गए हैं। पिछले महीना भर में ‘वैक्सीनेशन आपके क्षेत्र में’ कार्यक्रम अंतर्गत केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके अलावा ड्राइव इन वैक्सीनेशन और दिव्यांगों के लिए अलग केंद्र भी शुरू किए गए। बावजूद वैक्सीनेशन की संख्या में पहले की तरह तेजी नहीं आ सकी है। सूत्रों के अनुसार पहला डोज लेने के बाद दूसरा डोज समय पर मिलेगा या नहीं, इसे लेकर आशंका पैदा हो चुकी हैै। इसके अलावा 18 प्लस वैक्सीनेशन भी बंद है। 
16 जनवरी से 11 जून तक 759190 डोज प्राप्त हुए हैं। 11 जून तक पहला व दूसरा डोज मिलाकर 703295 लोगों को वैक्सीन दी गई है। फिलहाल वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

प्रतिदिन 3 हजार से भी कम टीकाकरण : फरवरी, मार्च व अप्रैल महीने में प्रतिदिन करीब 10 हजार तक टीकाकरण हो रहा था। पिछले महीने 6 मई को सर्वाधिक वैक्सीनेशन हुआ। इस दिन पहला डोज लेने वालों की संख्या 5199 और दूसरा डोज लेने वालों की संख्या 6707 थी। कुल मिलाकर 11 हजार 906 लोगों ने वैक्सीन लगवाई थी। वहीं 4 जून को पहला डोज लेनेवाले 5196 थे। इस दिन दूसरा डोज लेनेवालों की संख्या 1219 थी। कुल 6415 लोगों ने वैक्सीन लगवाई थी। 6 मई के बाद से लगातार संख्या घटती रही है। अब वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या 3 हजार से भी कम है। 11 जून को 2663 और 12 जून को 2729 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
 

Created On :   14 Jun 2021 9:59 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story