- Home
- /
- संजय राऊत पर महिला के साथ गाली गलौच...
संजय राऊत पर महिला के साथ गाली गलौच करने का आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना प्रवक्ता व सांसद संजय राऊत का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस ऑडियो क्लिप में राऊत एक महिला को गाली देते सुनाई दे रहे हैं। इस महिला ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत मुंबई के वाकोला पुलिस स्टेशन में की है। पर अभी तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। महिला से राऊत का लंबे समय से विवाद चल रहा है। पिछले दिनों इस महिला ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने राऊत के खिलाफ चल रही जांच मामले में अपना बयान दर्ज कराया था। उसके बाद से उन्हें धमकियां मिल रही हैं। 17 सेकेंड के इस आडियो क्लिप में पुरुष आवाज में 27 बार गाली सुनाई दे रही है। बातचीत मराठी भाषा में हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि ऑडियो में आवाज राऊत की है। ऑडियो में ‘अबे फोन रख...मेरे को सिखाएगी तू। तू क्या समझती है मेरे को। मेरे से पंगा मत ले फिर से बता रहा हूं, ये रिकार्ड करके रख ले। ये रेकार्ड कर और पुलिस में ले जाकर देना।’ इस पर महिला कह रही है कि मैं तुम्हारे जैसे लोगों से बात करना नहीं चाहती। इस पर पुरुष आवाज में सुनाई दे रहा है, ‘तू रुक थोडे दिन, तेरी औकात क्या है। मुझे जमीन के कागज ट्रांसफर करो या सुजीत के नाम ट्रांसफर करो या मेरे नाम।’
Created On :   30 July 2022 7:12 PM IST