लोकसभा चुनाव 2024: लोकसभा चुनाव में प्रचार कार्य नहीं करेंगे सुशील मोदी, प्रधानमंत्री को बताई बड़ी वजह

लोकसभा चुनाव में प्रचार कार्य नहीं करेंगे सुशील मोदी, प्रधानमंत्री को बताई बड़ी वजह
  • चुनाव प्रचार नहीं करेंगे सुशील मोदी
  • पीएम मोदी को दी जानकारी
  • जानिए इस बड़े फैसले की वजह

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के दिग्गज भाजपा नेता और पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी लोकसभा चुनाव के दौरान कोई भी प्रचार कार्य नहीं करेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने इस बात की जानकाही शेयर की है। सुशील मोदी ने पोस्ट में बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव प्रचार नहीं करने के विषय में जानकारी दे दी है। एक्स पोस्ट में भाजपा नेता ने अपने इस बड़े फैसले की वजह भी बताई है। दरअसल, सुशील मोदी पिछले 6 महीने से एक गंभीर रोग से ग्रसित हैं और इसी वजह से चुनावी भागदौड़ से दूर रहने का फैसला किया है। उन्होंने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट के जरिए कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी दी है। पिछले 6 महीने से बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी कैंसर से जंग लड़ रहे हैं।

पार्टी और बिहार को दिया धन्यवाद

कैंसर से पीड़ित होने के चलते आगामी लोकसभा चुनाव में प्रचार नहीं कर पाने की जानकारी देते हुए सुशील मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी और बिहार की जनता का आभार जताया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "पिछले 6 महीने से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं. अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है। लोकसभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा। पीएम मोदी को सब कुछ बता दिया है, देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित।"

सुशील मोदी की बीमारी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद की प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी नेता ने सुशील मोदी की बीमारी के बारे में कहा, "मैं बहुत दुखी हूं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

इसी साल खत्म हुई राज्यसभा सदस्यता

भाजपा नेता सुशील मोदी की राज्यसभा सदस्यता इसी साल खत्म हुई है। भाजपा ने इस साल राज्यसभा चुनाव में जब सुशील मोदी को उम्मीदवारी नहीं दी तो अटकलें तेज हो गई कि पार्टी उन्हें लोकसभा के चुनावी मैदान में उतारने वाली है। हालांकि, लोकसभा के लिए भाजपा की कैंडिडेट लिस्ट आने के बाद साफ हो गया कि सुशील मोदी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पिछले कुछ महीनों से सुशील मोदी ने राजनीतिक मंचों से दूरी बना कर रखी थी। हालांकि, राजनीतिक घटनाक्रमों पर वह मीडिया के लिए प्रतिक्रिया जारी करते रहते थे। इसके अलावा सुशील मोदी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं।

Created On :   3 April 2024 7:29 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story