NVIDIA: एनवीडिया में फिर जेन्सेन हुआंग की वापसी, पहली 'ऑल-हैंड्स' मीटिंग में कर्मचारियों से मांगी माफी, अपनी गलतियां भी स्वीकारीं

एनवीडिया में फिर जेन्सेन हुआंग की वापसी, पहली ऑल-हैंड्स मीटिंग में कर्मचारियों से मांगी माफी, अपनी गलतियां भी स्वीकारीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी NVIDIA में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग ने इस्तीफा देने के कुछ ही दिनों बाद फिर से पद संभाल लिया है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने उन्हें सर्वसम्मति से CEO और प्रेसिडेंट नियुक्त किया है। वापसी के बाद हुई पहली ऑल-हैंड्स मीटिंग में हुआंग ने कर्मचारियों से अपनी गलतियों के लिए माफी भी मांगी।

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, CEO पद पर वापसी के एक दिन बाद जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के सभी कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपनी गलतियों को स्वीकार किया और कर्मचारियों से माफी मांगी। रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग ने माना कि उनसे कई बड़ी गलतियां हुई हैं और उन्होंने कंपनी की आचार संहिता (कोड ऑफ कंडक्ट) का भी उल्लंघन किया था। यह दूसरी बार है, जब उन्होंने CEO रहते हुए अपने गलत व्यवहार को स्वीकार किया है।

बोर्ड ने सर्वसम्मति से लिया दोबारा CEO बनाने का फैसला

NVIDIA के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि जेन्सेन हुआंग को तत्काल प्रभाव से कंपनी का CEO, प्रेसिडेंट और बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है। बोर्ड ने यह फैसला सर्वसम्मति से लिया। कंपनी के मुताबिक, इस फैसले से पहले अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी जानकारी और सुझाव लिए गए थे। बोर्ड ने भरोसा जताया कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं होगा। बोर्ड चेयरमैन ने कहा कि जेन्सेन कंपनी का नेतृत्व करने के लिए सही व्यक्ति हैं। उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है।

कोलेट क्रेस्स अब सिर्फ CFO की जिम्मेदारी संभालेंगी

हुआंग की वापसी के बाद कंपनी के मैनेजमेंट में एक बड़ा बदलाव हुआ है। कोलेट क्रेस्स, जो उनके इस्तीफे के बाद अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, अब फिर से सिर्फ चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के पद पर काम करेंगी।

रिपोर्ट के अनुसार, 12 नवंबर को जेन्सेन हुआंग ने CEO पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद बोर्ड ने कोलेट क्रेस्स को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी थी। इसी दिन NVIDIA के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पहली बार चेयरमैन का पद बनाया और जोन्स को इस पद पर नियुक्त किया। हुआंग की वापसी के बाद भी जोन्स चेयरमैन बने रहेंगे।

विदेशी खुफिया एजेंसी के निशाने पर थे हुआंग

कंपनी के बोर्ड ने बताया कि जेन्सेन हुआंग एक विदेशी खुफिया प्रयास का निशाना बने थे। इस मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई गई है। बोर्ड के मुताबिक, हुआंग ने जांच का पूरा समर्थन किया है और इसमें सहयोग करने की बात कही है। कंपनी इस मामले की जांच जारी रखे हुए है।

Created On :  

Next Story